Prayagraj : भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह समेत अन्य पर 10 एफआईआर दर्ज, अवैध प्लाटिंग का आरोप
Prayagraj News : भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की शिकायत पर उनके खिलाफ एयरपोर्ट थाने में 10 अलग-अलग एफआईआर दर्ज किए गए हैं।
विस्तार
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ एयरपोर्ट पुलिस ने अवैध प्लाटिंग के 10 अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है। इन पर नक्शा स्वीकृत कराए बिना प्लाटिंग करना, सरकारी भूमि पर निर्माण कराने समेत कब्जाधारकों के प्लाटों पर अतिक्रमण कराने के आरोप है। पीडीए और राजस्व विभाग की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। आठ मुकदमे एयरपोर्ट थाने में जबकि दो केस धूमनगंज धाने में दर्ज किए गए हैं।
लेखपाल मनीष कुमार ने पुलिस को बताया कि ग्राम शाहा उर्फ पीपलगांव की एक भूमि राजू कुमार कनौजिया, मोहम्मद शकील और शहबाज सईद के नाम दर्ज है, पर अनुज सिंह के सहयोग से बिना नक्शा पास कराए अवैध प्लाटिंग कराई गई। आरोप है कि इस दौरान पहले से कब्जा प्राप्त लोगों के प्लाटों पर भी अतिक्रमण किया गया। शहरयार अहमद सिद्दीकी ने पुलिस को बताया कि मौजा असरावे कला स्थित बंजर भूमि व एक अन्य भूमि नाले के नाम दर्ज है।
आरोप है कि अनुज सिंह समेत अन्य ने इन सरकारी भूमि पर प्लाटिंग का कार्य कराया। वहीं अन्य मामलों में शाहा उर्फ पीपलगांव, कटहुला गौसपुर, रावतपुर, जलालपुर घोसी और असरावे कला की विभिन्न आराजी संख्याओं पर बिना ले-आउट प्लान दाखिल किए प्लाटिंग कराने का आरोप है। पुलिस ने इन मामलों में अनुज सिंह के अलावा राजू कुमार कनौजिया, मोहम्मद शकील, शहबाज सईद, पप्पू पाल समेत अन्य नामजद और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उधर, प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। एसीपी धूमनगंज ने अजेंद्र यादव ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
चार बिस्वा जमीन पर कब्जे का आरोप
एयरपोर्ट के पोगहट निवासी संतलाल ने पुलिस को बताया कि इस्तीयार अहमद, दुष्यंत कुमार, साकिर, पंकज, अनुज सिंह व पांच-छह अन्य अज्ञात लोगों उनकी र बिस्वा जमीन पर कब्जा कर लिया। आरोपी खुद को भारतीय किसान यूनियन का सदस्य बताकर जमीन हड़पी है। एक बिस्वा जमीन का सौदा होने के बाद चार बिस्वा जमीन पर कब्जा कर लिया गया। विरोध करने पर गालीगलौज और धमकी देने का भी आरोप लगाया है। एयरपोर्ट पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
30 साल पुराने मकान पर कब्जे की कोशिश,
एयरपोर्ट के शाह उर्फ पीपलगांव फेस-एक निवासी गीता देवी ने अपने 30 वर्ष पुराने मकान और दुकान पर कब्जा करने की कोशिश, मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए एयरपोर्ट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि 27 जून को संजय यादव 15-20 लोगों के साथ मकान खाली कराने पहुंचा और विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पुलिस पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए।