Prayagraj Airport : महाकुंभ के दौरान एयरपोर्ट पर रात में भी उतर सकेंगे विमान, केंद्र सरकार ने दी हरी झंडी
महाकुंभ के दौरान प्रयागराज एयरपोर्ट पर विमानों का रात में भी आवागमन हो सकेगा। इस संबंध में केंद्र सरकार के कैबिनेट सचिव के साथ प्रयागराज मेला प्राधिकरण एवं एयरफोर्स के अफसरों के बीच सहमति बन गई है।
विमानों के आवागमन की कैबिनेट सचिव की बैठक में हरी झंडी दिखाए जाने के बाद अब प्रयागराज से कई शहरों के लिए नई विमान सेवा शुरू होने का रास्ता भी साफ हो गया है। प्रयागराज एयरपोर्ट पर वर्तमान में सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक ही विमानों की आवाजाही होती है। यहां रात के समय विमानों के संचालन के लिए सभी जरूरी उपकरण लगे हैं, लेकिन वायुसेना द्वारा इसकी अनुमति नहीं दी जा रही थी। यह मामला पिछले दिनों संसद में भी उठा। इस बीच प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने भी यह मुद्दा उठाया।
कहा गया कि अगर रात के समय में भी विमानों का आवागमन शुरू हो जाए तो महाकुंभ के दौरान प्रयागराज से तमाम शहरों के लिए सीधी विमान सेवा शुरू हो सकती है। फिलहाल बुधवार को दिल्ली में केंद्र सरकार के कैबिनेट सचिव की बैठक में इसे हरी झंडी मिल गई है। इसके साथ ही अब यहां रात के समय विमान उतारने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया अपनी तैयारियां तेज करेगा।
बैठक में मेला प्राधिकरण के अफसरों ने केंद्र सरकार से दो हजार करोड़ के बजट की मांग रखी। साथ ही कैबिनेट सचिव के सामने अपना प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया। बताया जा रहा है कि जल्द ही केंद्र सरकार इस पर निर्णय लेगी।
कैबिनेट सचिव राजीव गउबा के साथ हुई बैठक में प्रयागराज मेला प्राधिकरण से मेलाधिकारी विजय किरन आनंद, रेलवे, सेना, एयरफोर्स के अधिकारी शामिल हुए। मेला प्राधिकरण ने अपना प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। इस दौरान मलाक हरहर से स्टैनली रोड के बीच बन रहे सिक्स लेन ब्रिज में गंगा के ऊपर कंक्रीट और केबल ब्रिज महाकुंभ के पूर्व न हो पाने की बात कही गई। बैठक में बताया गया कि मेला प्राधिकरण ने गंगा के ऊपर स्टील ब्रिज तैयार करने का प्रस्ताव दिया है। इसकी अनुमति भी मिल गई दी है।
इस दौरान रेलवे अफसरों को निर्देश दिया गया कि उनके यहां स्टेशन के विस्तार की जो भी योजनाएं चल रही है, उसे हर स्थिति में अक्तूबर 24 तक पूरा कर लिया जाए। ताकि प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में सेना के अफसरों को निर्देश दिया गया कि महाकुंभ को लेकर सेना की जमीन पर जो भी प्रस्ताव बचे हैं, उसके लिए अनुमति देने में विलंब न हो।
महाकुंभ तक इन शहरों के लिए शुरू होनी है विमान सेवा
जयपुर, कोलकाता, इंदौर, जम्मू, गुवाहाटी, हैदराबाद, चेन्नई, पुणे, अहमदाबाद, पटना, नागपुर आदि।
अभी इन शहरों के लिए चल रहे हैं विमान
लखनऊ, दिल्ली, मुंबई, बिलासपुर, बंगलूरू भुवनेश्वर, देहरादून, भोपाल