UPPSC : घर बैठे डाउनलोड करें पीसीएस परीक्षाओं के पेपर, आयोग की नई वेबसाइट शुरू
वेबसाइट के एड्रेस में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है, बल्कि इसका स्वरूप बदला गया है। अभ्यर्थियों को अब तक भर्तियों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने के लिए आयोग को ईमेल भेजना पड़ता था, लेकिन अब अभ्यर्थी सीधे वेबसाइट पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की नई वेबसाइट सोमवार से शुरू हो गई। इस वेबसाइट पर प्रतियोगी छात्र-छात्राओं के लिए सूचनाओं का भंडार है। वेबसाइट पर वर्ष 2012 से 2021 तक के पीसीएस जे और पीसीएस परीक्षा के पेपर उपलब्ध हैं। वर्ष 1987 से अब तक पीसीएस परीक्षाओं के टॉपर्स के नाम हैं। जल्द ही इन टॉपर्स की सफलता की कहानियां भी उपलब्ध होंगी।
वेबसाइट के एड्रेस में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है, बल्कि इसका स्वरूप बदला गया है। अभ्यर्थियों को अब तक भर्तियों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने के लिए आयोग को ईमेल भेजना पड़ता था, लेकिन अब अभ्यर्थी सीधे वेबसाइट पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। वेबसाइट पर शिकायत एवं सुझाव का कॉलम भी है। आयोग निर्धारित समयावधि में शिकायतों निस्तारण करेगा और इसकी सूचना एसएमएस एवं ईमेल के माध्यम से संबंधित अभ्यर्थी को दी जाएगी।
इसके साथ ही जिन सूचनाओं के लिए प्रतियोगी छात्रों को भटकना पड़ता था, अब वे एक क्लिक पर मिल जाएंगी। नई वेबसाइट पर सक्रिय परीक्षाओं एवं आगामी परीक्षाओं की जानकारी, आवेदन पत्र की स्थिति की जांच करने की सुविधा, पिछले वर्षों के पेपर डाउनलोड करने, पाठ्यक्रम डाउनलोड करने, आपत्ति दर्ज कराने वाले अभ्यर्थियों की लिस्ट और डिबार एवं अस्वीकृत आवेदनों की लिस्ट भी उपलब्ध है। वेबसाइट को अपडेट भी किया जा रहा है। अभ्यर्थियों को जल्द ही वेबसाइट के माध्यम से भर्ती का विज्ञापन जारी होने के 15 दिन पहले सूचना मिल जाएगी।
नई वेबसाइट पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की सुविधा को भी शामिल किया गया है। इसमें एक बार पंजीकरण कराने के बाद अभ्यर्थियों को यूनिक ओटीआर नंबर मिल जाएगा, जिसके बाद वे किसी भी भर्ती के आवेदन की प्रक्रिया एक क्लिक में पूरी कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को ओटीआर के लिए 31 मार्च तक का समय दिया गया है। एक अप्रैल के बाद जारी विज्ञापनों में ओटीआर अनिवार्य कर दिया जाएगा।