प्रयागराज : डेंगू के डंक ने पसारे पैर, 300 पहुंची संक्रमितों की संख्या, अस्पतालों में लग रही लंबी कतार
जिला मलेरिया विभाग के मुताबिक जिले में कुल डेंगू के मरीजों की संख्या 91 है। लेकिन यूडीएस पोर्टल पर संक्रमितों की संख्या 300 पहुंचने पर अब जिला स्वास्थ्य और मलेरिया विभाग आंकड़े दुरुस्त करने में लग गया है। सरकारी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं।
विस्तार
जिला मलेरिया विभाग के मुताबिक जिले में कुल डेंगू के मरीजों की संख्या 91 है। लेकिन यूडीएस पोर्टल पर संक्रमितों की संख्या 300 पहुंचने पर अब जिला स्वास्थ्य और मलेरिया विभाग आंकड़े दुरुस्त करने में लग गया है। सरकारी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं। अस्पताल पहुंच रहे हर दूसरे व्यक्ति में डेंगू जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं।
सरकारी अस्पतालों से ज्यादा तो निजी अस्पतालों में डेंगू के मरीज भर्ती हैं। हालांकि मुख्य चिकित्साधिकारी का कहना है कि यूडीएस पोर्टल पर एनएस वन कार्ड पर पॉजिटिव पाए गए मरीजों की संख्या है। जिले में अभी स्थिति नियंत्रण में है।
दरअसल, इसी साल यूडीएस पोर्टल की शुरुआत की गई है। पोर्टल पर सरकारी के साथ निजी अस्पतालों को भी अस्पताल में भर्ती डेंगू मरीजों का ब्योरा देना अनिवार्य किया गया है। लेकिन अभी तक जिले के करीब 50 निजी अस्पतालों ने ही पोर्टल पर अपने यहां कार्ड की जांच में पॉजिटिव पाए गए डेंगू मरीजों की रिपोर्ट भेजी है।
मरीजों की संख्या इससे कहीं ज्यादा होने का अनुमान है।
विभाग के दावों की पोल सरकारी और निजी अस्पतालों में लग रही मरीजों की लंबी कतारें खोल रही हैं। शहर के एक अस्पताल में तो डेंगू से संक्रमित सीआरपीएफ और आईटीबीपी के करीब 50 से अधिक जवान भर्ती हो गए थे। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में दारागंज के रहने वाले एक ही परिवार के तीन सदस्य डेंगू संक्रमित पाए गए हैं। इनका भी इलाज चल रहा है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ये भी डेंगू पॉजिटिव नहीं हैं।
क्या है यूडीएसपी
यूडीएस पोर्टल पर 12 बीमारियों की रिपोर्ट करनी होती है। इसमें मलेरिया, फाइलेरिया, कालाजार, जापानी इंसेफलाइटिस, डेंगू, चिकनगुनिया, स्क्रब टायफस, लैक्टोस्पाइरेसिस, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी मियादी बुखार आदि शामिल हैं। इन बीमारियों की रिपोर्ट के आधार जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों की उचित जांच, पॉजिटिव पाए जाने पर आसपास के क्षेत्र में एंटी लार्वा का छिड़काव करती हैं।
पोर्टल पर जो रिपोर्ट है, वह कार्ड में पॉजिटिव पाए गए मरीजों की है। प्रयागराज में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार नजर रख रही हैं। पोर्टल पर जो रिपोर्ट आ रही है, उससे संबंधित चिकित्सालयों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली जा रही है। - डॉ. आशु पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रयागराज