परिवार समारोह में गया, चोरों ने घर साफ किया
धूमनगंज इलाके में सोमवार रात बदमाशों ने सीडीए पेंशन के वरिष्ठ लेखाधिकारी विनोद सोनकर के मकान को निशाना बनाया। वह रात में परिवार सहित अपनी भतीजी की शादी में गए थे। इधर डेढ़ घंटे के भीतर बदमाशों ने उनके मकान में ताले तोड़कर पांच लाख रुपये कीमत के गहने और नगदी पार कर दी। आधी रात एक रिश्तेदार घर आया तो चोरी का पता चला। खबर पाकर धूमनगंज थाने की पुलिस भी पहुंच गई।
सीडीए पेंशन के वरिष्ठ लेखाधिकारी विनोद सोनकर का मकान प्रीतमनगर मोड़ के निकट है। सोमवार को उनके भाई विजय कुमार सोनकर की बेटी का विवाह था। रात में सभी लोग रेल गांव स्थित कलरव गेस्टहाउस में शादी समारोह में चले गए। रात साढ़े दस बजे विनोद का बेटा सनी भी घर में ताले लगाकर शादी में चला गया। करीब डेढ़ घंटे बाद विनोद ने एक रिश्तेदार को घर देखने भेजा तो चोरी हो चुकी थी।
मेन गेट तो बंद था, लेकिन अंदर सभी दरवाजों के ताले टूटे थे। खबर पाकर विनोद भी घर आ गए। बदमाशों ने अलमारियों के भी लॉक तोड़कर सवा दो लाख रुपये नगद तथा विनोद की बेटी के करीब ढाई लाख रुपये के गहने तथा नए कपड़े भी चुरा लिए थे। धूमनगंज थाने में सूचना दी गई तो पुलिस भी आ गई। अनुमान है कि आसपास के अराजकतत्वों ने घर में चोरी की है, जिन्होंने विनोद के बेटे को ताला लगाकर जाते देखा और कुछ देर बाद धावा बोल दिया।
शादी में जाने से पहले विनोद ने अपने पालतू कुत्ते लकी को एक कमरे में बंद कर दिया था। रात में चोरी का पता चलने पर विनोद घर पहुंचे तो लकी बेहोश पड़ा था। बदमाशों ने उसे बेहोशी की दवा मिलाकर कुछ खिलाया होगा। उसे मंगलवार शाम तक होश नहीं आया था। कुत्ते को बेहोश करने से भी यह साफ है कि बदमाशों को घर के बारे में पूरी जानकारी थी और यह भी पता था कि वहां एक पालतू कुत्ता भी है।