प्रदेश में भी बनाएं भाजपा की सरकार: पासवान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में काबिज एनडीए की सरकार पूरी तरह गरीबों की सरकार है। आज नरेन्द्र मोदी कोटि-कोटि भारतीयों की जुबान बनकर देश का नाम विश्वस्तर पर रोशन कर रहे हैं। उक्त बातें सांसद आदर्श ग्राम बैदवार कला का निरीक्षण करने आये केन्द्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही।
उन्हाेंने कहा कि नरेन्द्र मोदी की संकल्पना भारत का पूरी तरह से काया कल्प कर विकसित राष्ट्राें के समकक्ष खड़ा करने की है। इसी क्रम में उन्हाेंने सांसद आदर्श ग्राम की योजना बनाई। उनकी सोच है कि इन गांवों को सभी मूलभूत सुविधाओं से इस कदर संतृप्त कर दिया जाए कि ये अपनी प्रगति से विश्व के किसी गांव को मुंह चिढ़ा सकेें। उन्हाेंने हमें इसीलिये भेजा है कि मैं आदर्श गंाव की वास्तविक प्रगति से उन्हें अवगत करा सकूं ।
उन्हाेंने कहा कि हमारे देश में अमीर एवं गरीब दो भारत है। यह बेहद कष्टप्रद है कि गरीब भारत का बच्चा आज भी दवा के अभाव में दम तोड़ देता है। रात को गरीब मां अपने बेटे की भूख को रोटी की जगह थप्पड़ से शांत करती है। शिक्षा के अभाव में इन बच्चों का भविष्य अंधकारमय एवं असुरक्षित है। केन्द्र की एनडीए सरकार देश की इस सूरत को बदलने के लिये प्रतिबद्ध है। केन्द्रीय मंत्री ने आमजन से गुजारिश की कि वे केन्द्र की तर्ज पर प्रदेश में भी एनडीए की सरकार बनाएं जिससे विकास क्रम में कोई गतिरोध न आने पाये।
उन्होंने केन्द्र की जनधन योजना, दुर्घटना हित लाभ योजना, ब्याज रहित ऋण योजना तथा फसल बीमा योजना जैसी अनेक योजनाओं को नजीर के रूप में पेश करते हुये कहा कि इससे कम समय मेें देश की सूरत बदलने का पूरा प्रयास किया गया है। उन्हाेंने लोगों से अपनी सोच को विस्तार देने का सुझाव देते हुये कहा कि जब चाय बेचने वाला लड़का प्रधानमंत्री बन सकता है फिर आपका लड़का क्यों नहीं बन सकता।
उन्हाेंने सांसद आदर्श ग्राम बैदवार में एफसीआई का गोदाम बनवाने की घोषणा की। सभा के समापन के बाद केन्द्रीय मंत्री ने जिले के आला अधिकारियों के साथ बैठकर आदर्श ग्राम के विकास में आ रही बाधा पर विस्तृत चर्चा की। आम सभा की अध्यक्षता ग्राम प्रधान कामता पटेल तथा संचालन हरी कृष्ण श्रीवास्तव ने किया। भाजपा नेता अनिल मिश्र ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनन्दन किया। इस दौरान भाजपा सांसद श्यामा चरण गुप्त ने भी आदर्श ग्राम सहित समूचे क्षेत्र में संतुलित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सांसद आदर्श ग्राम का निरीक्षण करने के बाद केन्द्रीय मंत्री राम विलास पासवान सीधे परम सुख आदिवासी इण्टर कालेज धौखर में आयोजित अनुसूचित जाति सम्मेलन में सिरकत करने पहुंच गये। सम्मेलन में उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ही दलितों के चेहरों पर मुस्कान ला सकती है। उन्होंने सपा एवं बसपा दोनों को अवसरवादी करार दिया। उन्होंने कहा कि सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव मण्डल कमीशन की सिफारिशों को लागू करने के पक्ष में नही थे और आज वोट लेने के लिये खुद को पिछड़ों का मसीहा बताते घूम रहे है।
इसी प्रकार तिलक तराजू और तलवार का नारा दे कर समाज में जहर घोलने वाली मायावती चुनाव के समय पंडित शंख बजायेगा, हाथी बढ़ता जायेगा का नारा लगाने लगती हैं। भाजपा सांसद श्यामा चरण गुप्त ने विद्यालय के विकास के लिये दस लाख रुपये देने की घोषणा की। इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष राम राक्षा द्विवेदी, दिवाकर प्रताप सिंह, तुलसी दास राणा, राजमणि कोल, राकेश पाण्डेय, योगेश मिश्र योगी, राजेश्वरी तिवारी, शशी द्विवेदी, आरती देवी कोल, जमुना पाल तथा त्रिवेणी कुशवाहा आदि लोग मौजूद रहे। 0 सपाइयों ने दिखाया काला झंडा जिस समय केन्द्रीय मंत्री का काफिला बैदवार ग्राम से पहले नगर पंचायत कोरंाव से होकर गुजर रहा था, उसी बीच बस स्टेशन के सामने मौजूद कुछ सपाइयों ने उन्हें काला झंडा दिखाया। सपाई भाजपा एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विरोधी नारे भी लगा रहे थे।