बढ़ा खतरा: एक से छह हुए नए संक्रमित, तीन स्वस्थ, कोई मौत नहीं
- लीडर रोड बस अड्डे पर चिह्नित हुए मध्यप्रदेश से आए दो बस यात्री, चार हैं स्थानीय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. एके तिवारी के मुताबिक शुक्रवार को 6431 लोगों की कोविड जांच की गई। छह नए लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। तीन लोगों ने कोरोना को मात दी है। सभी ने होम आइसोलेशन पूरा किया है। राहत की बात रही कि किसी संक्रमित की मौत नहीं हुई।
डॉ. तिवारी ने बताया कि नए कोरोना संक्रमितों में दो मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। उनका यात्रा विवरण और संपर्कियों को चिह्नित कर कोविड जांच कराई जाएगी। दोनों लोगों को क्वारंटीन रहने की हिदायत देकर स्थानीय निवास के बारे में जानकारी ली गई है। वहीं अन्य चार संक्रमितों में तीन शहर के मम्मफोर्डगंज और स्टैनली रोड के रहने वाले हैं।
44 केंद्रों पर 15417 का टीकाकरण, आज लगेगी सिर्फ दूसरी डोज
कोरोना से बचाव के लिए शुक्रवार को जिले के 44 केंद्रों पर 15417 लोगों का टीकाकरण किया गया। वहीं शनिवार को इन्हीं केंद्रों पर सिर्फ दूसरी डोज लगाई जाएगी। नौ से 11 बजे तक स्लॉट बुक कराने वालों का टीकाकरण किया जाएगा। फिर शाम चार बजे तक ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन और वैक्सीनेशन का काम होगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ. तीरथ लाल के मुताबिक जिले में अब तक 1413756 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें 1147002 लोगों ने पहली डोज ही लगवाई है। दूसरी डोज के लिए 66754 लोगों का नाम सूची में दर्ज है। इन्हीं लोगों में उन लोगों को शनिवार को दूसरी डोज लगाई जाएगी, जो पहली और दूसरी डोज के बीच का निश्चित अंतराल पूरा कर चुके हैं।
16 को 62 हजार लोगों को वैक्सीन डोज लगाने का लक्ष्य
जिले में 16 अगस्त को कोरोना टीकाकरण का दूसरा महाभियान चलाया जाएगा। सीएमओ डॉ. नानक सरन के मुताबिक सोमवार को जिले के करीब 300 केंद्रों पर 62 हजार लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि माइक्रोप्लान तैयार किया जा रहा है। केंद्रों की संख्या घट या बढ़ सकती है। कम से कम 62 हजार लोगों का टीकाकरण किया जाएगा।