सिपाही भर्ती : दस मिनट से भी कम समय में बसें होती रहीं फुल, सिविल लाइंस बस स्टेशन पर कम पड़ गईं बसें
पुलिस बुलाकर तमाम बसों में महिला अभ्यर्थियों को बैठाने का प्रबंध किया गया। हालांकि, यह व्यवस्था ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। क्योंकि, शाम को बस स्टेशन पर भीड़ काफी हो गई। इस दौरान पूर्वांचल के आजमगढ़, गाजीपुर, गोरखपुर, वाराणसी, मऊ, जौनपुर, बलिया आदि जिलों की ओर जाने वाली बसों में ज्यादा भीड़ गई। जिन्हें सीट नहीं मिली वह खड़े-खड़े ही चले गए।
विस्तार
पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भी सिविल लाइंस बस स्टेशन पर अफरातफरी मची रही। दूसरी पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद बसें कम पड़ गईं। दस मिनट से भी कम समय में बसें फुल होती रहीं। वहीं, आसपास भोजनालयों में अभ्यर्थियों की भीड़ जुट गई। आलम यह रहा कि कई जगह खाना ही खत्म हो गया। इससे अभ्यर्थियों को लाई चना, ब्रेड मक्खन, फल खाकर ही रहना पड़ा।
पुलिस बुलाकर तमाम बसों में महिला अभ्यर्थियों को बैठाने का प्रबंध किया गया। हालांकि, यह व्यवस्था ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। क्योंकि, शाम को बस स्टेशन पर भीड़ काफी हो गई। इस दौरान पूर्वांचल के आजमगढ़, गाजीपुर, गोरखपुर, वाराणसी, मऊ, जौनपुर, बलिया आदि जिलों की ओर जाने वाली बसों में ज्यादा भीड़ गई। जिन्हें सीट नहीं मिली वह खड़े-खड़े ही चले गए।
बसों में तमाम अभ्यर्थी खिड़की के माध्यम से घुस गए। आजमगढ़ जा रहे अभ्यर्थी राजीव कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि रोडवेज ने भीड़ के हिसाब सेे इंतजाम नहीं किया। जौनपुर के प्रवीण ने कहा कि एक घंटे इंतजार करने के बाद ही सिविल लाइंस बस स्टेशन पर जौनपुर जाने वाली बस पहुंची। दिनभर में सिविल लाइंस बस स्टेशन पर एक हजार बसों का आवागमन हुआ। एआरएम जयकरन ने बताया कि पहली के मुकाबले दूसरी पाली खत्म होने के बाद बस स्टेशन पर ज्यादा भीड़ हो गई।
क्षेत्रीय प्रबंधक एमके त्रिवेदी ने बताया कि शुक्रवार को प्रयागराज रीजन की बसों में 27 हजार के आसपास अभ्यर्थियों ने फ्री सफर किया। बाहरी रीजन की बसों को भी जोड़ लिया जाए तो शुक्रवार को 50 हजार के आसपास अभ्यर्थियों के बस से सफर का अनुमान है। कहा कि शनिवार को कितनों ने सफर किया उसके आंकड़े रविवार की दोपहर बाद ही आ सकते हैं।
शाम को कई मुख्य मार्गों पर लगा भीषण जाम
सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन सुबह की पाली में तो यातायात सामान्य रहा और आवागमन सुचारु रूप से होता रहा। हालांकि, शाम के वक्त दूसरी पाली की परीक्षा छूटने के बाद कई प्रमुख मार्गों पर अचानक यातायात का दबाव बढ़ने से यातायात प्रभावित हुआ।
कई परीक्षा केंद्रों के बाहर पेपर छूटने से पहले ही बड़ी संख्या में ई रिक्शा भी खड़े हो गए। इससे भी आवागमन पर असर पड़ा। बांगड़ चौराहा, अलोपीबाग, चुंगी, बैरहना, सोहबतियाबाग, जीटी जवाहर पर वाहन ठसाठस रहे। बैरहना से सीएमपी और सीएमपी से मधवापुर तक जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही। उधर, रामबाग से मेडिकल चौराहे तक फ्लाईओवर पर भी वाहन रेंगते ही रहे।