प्रयागराज : अतीक के गुर्गों और नौकरों की संपत्तियों की गोपनीय जांच शुरू, पुलिस को मिली अहम जानकारी
अतीक के गुर्गों और नौकरों की संपत्तियों की पुलिस ने गोपनीय जांच शुरू कर दी है। अतीक के घर में काम करने वाले राजमिस्त्री हूबलाल और अतीक के गुर्गे अशरफ के घर में काम करने वाले सूरजपाल के पास करोड़ों की संपत्ति मिलने के बाद और भी गुर्गों और नौकरों की जांच कराने का निर्णय लिया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अतीक गैंग के कुछ विरोधियों ने ही पुलिस को कुछ संपत्तियों के बारे में बताया है। अब उसकी जांच की जा रही है।
पुख्ता सुबूत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। कुछ दिन पहले ही पुलिस ने अतीक के घर में राजमिस्त्री का काम करने वाले हूब लाल के नाम पर खरीदी गई 25 बीघा जमीन को कुर्क किया था। इसकी कीमत साढ़े बारह करोड़ बताई जा रही है। इसी तरह अतीक के गुर्गे हरवारा के अशरफ के नौकर सूरज पाल के नाम भी करोड़ों की संपत्तियों का पता चला था। उमेश पाल की हत्या के बाद मार्च में पुलिस ने जब अतीक के कार्यालय में छापा मारकर 74 लाख बरामद किए थे।
इस मामले में भी अतीक के नौकर कैश और राकेश को गिरफ्तार किया गया था। शाइस्ता ने अपने दोनों नौकरों को यह रकम छुपाने के लिए दिया था। अब तक की जांच से साफ है कि अतीक गिरोह ने नौकरों, गुर्गों और गुर्गों के रिश्तेदारों के नाम पर बड़ी संपत्ति इकट्ठा की है।
हूब लाल के नाम पर करोडों की जमीन मिलने के बाद अब पुलिस न सिर्फ अतीक अहमद बल्कि उसके करीबियों के घरों में काम करने वाले नौकरों और उनक रिश्तेदारों की संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अतीक गिरोह के विरोधी हो चुके कुछ लोगों ने पुलिस को तमाम संपत्तियों के बारे में जानकारी दी है। अब उनकी गोपनीय जांच शुरू कर दी गई है। सुबूत मिलने के बाद पुलिस ऐसी सभी संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई करेगी।