बेरोजगारी के खिलाफ सड़क पर उतरे सपाई, रोक के बावजूद कलेक्ट्रेट में घुसे, पुलिस ने बरसाईं लाठियां (देखें तस्वीरें)
ज्ञापन के बिंदु
- बेहाल किसान
- महंगी शिक्षा
- बेरोजगारी
- निजीकरण में भ्रष्टाचार एवं नष्ट रोजगार
- आरक्षण पर वार
- यूपी में बीएड प्रवेश परीक्षा में एससी-एसटी छात्रों के मुफ्त प्रवेश पर रोक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बेरोजगारी, महंगी शिक्षा समेत तमाम मुद्दों पर सपा के युवा कार्यकर्ता सोमवार को सड़क पर उतर आए। कलक्ट्रेट और कचहरी स्थित आनंद हॉस्पिटल के सामने प्रदर्शन और नारेबाजी की। भारी फोर्स की मौजूदगी के बावजूद कार्यकर्ता कलक्ट्रेट का मुख्य गेट जबरदस्ती खोलने में सफल रहे और डीएम के कैंप कार्यालय तक पहुंच गए। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, जिससे पुलिस और सपाइयों के बीच कई बार तीखी झड़प हुई। इस दौरान 94 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाया गया, जहां शाम को शपथपत्र भरवाकर उन्हें छोड़ दिया गया।
सपा के चारों युवा फ्रंटल संगठनों की ओर से छह सूत्रीय मांग को लेकर कलक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपने का एलान किया गया था। इस पर सख्ती बरतते हुए पुलिस ने रविवार को ही सपा तथा अन्य राजनीतिक दलों के 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को नोटिस भेजा था। उन्हें आंदोलन में शामिल न होने की चेतावनी दी गई थी।
आंदोलन को देखते हुए इलाहाबाद विश्वविद्यालय और कलक्ट्रेट के अलावा कचहरी स्थित आनंद हॉस्पिटल चौराहे पर भारी फोर्स तैनात रही। इसके बावजूद दिन में 11 बजे कचहरी के आसपास सपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा शुरू हो गया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन सपाई जुलूस बनाकर नारेबाजी करते हुए डीएम आवास तक पहुंच गए। पुलिस उन्हें रोकने की कोशिश की तो कार्यकर्ता वहीं कैंप कार्यालय गेट के बाहर बैठ गए। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और 94 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
प्रदर्शन और गिरफ्तारी देने वालों में समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अखिलेश गुप्ता गुड्डू, प्रदेश उपाध्यक्ष राघवेंद्र यादव, नेहा यादव, युवजन सभा के संदीप यादव, इविवि छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष अदील हमजा, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, यूथ ब्रिगेड के सैफ फरीदी, शाहिद प्रधान, मयंक यादव, मुशीर अहमद, वीरू पासी, प्रमिल यादव, संदीप चौधरी, प्रमोद यादव, यथांश केसरवानी, सौरभ यादव, डॉ.अच्छे लाल यादव आदि शामिल रहे।
गिरफ्तारी की निंदा
प्रयागराज। सपा नेताओं ने युवा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की कठोर शब्दों में निंदा की है। जार्जटाउन स्थित पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव ने भाजपा पर तानाशाही का आरोप लगाया। महानगर अध्यक्ष इफ्तेखार हुसैन, पूर्व जिलाध्यक्ष पंधारी यादव, नरेंद्र सिंह, प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, सै.मो.अस्करी आदि ने सरकार के खिलाफ सड़क पर आंदोलन की चेतावनी दी। बैठक में ऋचा सिंह, रामसुमेर पालल, अनिल कुमार यादव, दूधनाथ पटेल, संतोष यादव, रवींद्र यादव, फजल खान, जगदीश यादव, सुभाष गुप्ता, नाटे चौधरी, आरएन यादव, गिरिजा शंकर आदि मौजूद रहे।
उज्जवल ने संविदा पर नियुक्ति का किया विरोध
सपा विधायक उज्जवल रमण सिंह ने बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों को लेकर सरकार की नीतियों को कटघरे में खड़ा किया। उनका कहना है कि पांच साल के लिए संविदा पर नियुक्ति तथा हर छह महीने पर होने वाली परीक्षा में 60 फीसदी अंक पाने की अनिवार्यता जैसे प्रावधान युवाओं के साथ धोखा है। सपा नेता विनय कुशवाहा ने आर्थिक मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।
बेरोजगारी, संविदा पर भर्ती, महंगी शिक्षा समेत अनेक मुद्दों को लेकर सपा के युवा फ्रंटल इकाइयों की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। छात्र नेता नेहा यादव ने बताया कि अभियान के तहत डेलिगेसियों में पर्चे बांटे जाएंगे।