एक तरफ केंद्र सरकार बच्चों की पढ़ाई पर भारी-भरकम बजट खर्च कर रही हो तो दूसरी ओर सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। बुधवार को जारी सीबीएसई का दसवीं का परिणाम इसका जीता-जागता उदाहरण है। प्रयागराज क्षेत्रीय केंद्र के तहत दसवीं के रिजल्ट में सरकारी स्कूल धड़ाम हो गए और उनका परिणाम सबसे कम रहा। वहीं, जवाहर नावोदय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय (केवी) में कांटे की टक्कर रही, जबकि निजी स्कूल परिणाम के मामले में तीसरे नंबर पर रहे।
CBSE Board result 2020: सरकारी स्कूल धड़ाम, सबसे कम परिणाम
प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय के तहत यूपी के 52 जिलों में सीबीएसई के 1765 विद्यालय हैं। इनमें जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, निजी विद्यालय और सरकारी विद्यालय भी शामिल हैं। इन विद्यालयों से परीक्षा देने के लिए 178259 विद्यार्थी पंजीकृत थे और इनमें से 176575 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 1684 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी।
सीबीएसई की क्षेत्रीय अधिकारी श्वेता अरोड़ा के अनुसार उपस्थित रहे विद्यार्थियों में 89.12 फीसदी परीक्षार्थियों को सफल घोषित किया गया है। सबसे अधिक 164585 विद्यार्थी निजी विद्यालयों में पंजीकृत थे। इनमें से 163024 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 1561 ने परीक्षा छोड़ दी। निजी विद्यालयों के 88.90 फीसदी अभ्यर्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए।
सीबीएसई के सरकारी स्कूलों की हालत सबसे खराब रही। सरकारी स्कूलों का परिणाम महज 63.73 फीसदी रहा। इन स्कूलों में 1728 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1690 विद्यार्थी उपस्थित और 38 अनुपस्थित रहे। वहीं, जवाहर नवोदय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय में बराबरी की टक्कर रही।
जवाहर नवोदय विद्यालयों का रिजल्ट सर्वाधिक 9.33 फीसदी रहा, जबकि केंद्रीय विद्यालय 99.25 फीसदी रिजल्ट के साथ दूसरे नंबर पर रहे। जवाहर नवोदय विद्यालयों में दसवीं की परीक्षा के लिए पंजीकृत 3353 विद्यार्थियों ने 3323 विद्यार्थी उपस्थित एवं 20 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, केंद्रीय विद्यालयों में पंजीकृत 7946 विद्यार्थियों में से 7915 ने परीक्षा दी और 31 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे।
बेटियों ने फिर बाजी मारी
सीबीएसई के दसवीं के रिजल्ट में बेटियों ने फिर बाजी मारी। प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय के तहत यूपी के 52 जिलों में छात्राओं को रिजल्ट 90.93 फीसदी रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 88.08 फीसदी रहा।प्रयागराज का परिणाम 90 फीसदी से अधिक
प्रयागराज। सीबीएसई दसवीं में प्रयागराज जिले का परिणाम 90.32 फीसदी रहा। जिले में छात्रों के मुकाबले छात्राओं का परीक्षा परिणाम 2.4 फीसदी अधिक रहा। प्रयागराज जिले में सीबीएसई के दसवीं तक के 100 विद्यालय हैं। इन विद्यालयों के परीक्षार्थियों के लिए कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। विद्यालयों में पंजीकृत 11419 विद्यार्थियों मे ंसे 11333 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित और 86 अनुपस्थित रहे। प्रयागराज जिले का परिणाम 90.32 फीसदी रहा, जिनमें छात्रों का रिजल्ट 89.07 फीसदी और छात्राओं का परिणाम 91.47 फीसदी रहा।प्रदेश के प्रमुख जिलों का परिणाम
---------------------------
लखनऊ
कुल स्कूल-186
परीक्षा में पंजीकृत विद्यार्थी-16872
परीक्षा में उपस्थित विद्यार्थी- 16772
रिजल्ट-95 फीसदी
छात्र-94.48 फीसदी
छात्राएं- 95.71 फीसदी
0
वाराणसी
कुल स्कूल-144
परीक्षा में पंजीकृत विद्यार्थी-19194
परीक्षा में उपस्थित विद्यार्थी- 18995
रिजल्ट-86.76 फीसदी
छात्र-85.64 फीसदी
छात्राएं-88.61 फीसदी
0
कानपुर
कुल स्कूल-116
परीक्षा में पंजीकृत विद्यार्थी-12185
परीक्षा में उपस्थित विद्यार्थी- 12106
रिजल्ट-95.06 फीसदी
छात्र-94.27 फीसदी
छात्राएं-95.90 फीसदी
0
गोरखपुर
कुल स्कूल-114
परीक्षा में पंजीकृत विद्यार्थी-14053
परीक्षा में उपस्थित विद्यार्थी- 13949
रिजल्ट-87.50 फीसदी
छात्र-86.63 फीसदी
छात्राएं-89.02 फीसदी