प्रयागराज : पूर्व विधायक के घर बहू के भाई ने चलवाया था बम, बहन की मौत का बदला लेने के लिए कराई वारदात
गिरफ्तार चंद्रशेखर जार्जटाउन के फतेहपुर बिछुआ का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी सगी बहन प्रियंका का विवाह पूर्व विधायक के छोटे बेटे अनुराग से हुआ था। उसका आरोप है कि 2019 में पति, जेठ-जेठानी ने मिलकर दहेज के लिए उसकी हत्या कर दी।
विस्तार
तेलियरगंज में पूर्व विधायक स्व. रंगबहादुर पटेल के बेटे विकास पटेल के घर बमबाजी मामले का खुलासा हो गया है। पूर्व विधायक की मृत बहू के भाई चंद्रशेखर पटेल ने बहन की मौत का बदला लेने को वारदात कराई थी। पुलिस ने उसे दोस्त समेत गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार चंद्रशेखर जार्जटाउन के फतेहपुर बिछुआ का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी सगी बहन प्रियंका का विवाह पूर्व विधायक के छोटे बेटे अनुराग से हुआ था। उसका आरोप है कि 2019 में पति, जेठ-जेठानी ने मिलकर दहेज के लिए उसकी हत्या कर दी। तब से ही वह बदला लेने की फिराक में था। इसी रंजिश में वारदात कराई।
बताया कि उसने मोहल्ले में ही रहने वाले अपने दोस्त राहुल भारतीया से वारदात कराई। खुद दूर खड़ा रहा और राहुल से बम चलवाए। यह भी बताया कि पिता ने 4.50 लाख कर्ज लेकर बहन की शादी की थी। अब तक कर्ज चुकता नहीं हुआ है। उधर, राहुल ने बताया कि चंद्रशेखर उसका दोस्त है और उसके कहने पर ही उसने बम चलाए।
पटाखों के बारूद से बांधता था बम
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राहुल ने बताया कि वह पटाखों के बारूद से खुद ही बम बांधता था। इस बार भी उसने पटाखों से बारूद निकालकर उसमें माचिस की तीलियां, छर्रे व कांच के टुकड़ों समेत अन्य सामान डालकर बम बांधे थे।
यह था मामला
पूर्व विधायक के बेटे विकास व छोटा भाई अनुराग तेलियरगंज में बर्तन वाली गली स्थित मकान में रहते हैं। आठ जून की रात 10 बजे के करीब उनके घर पर बम से हमला किया गया। बम के छर्रे लगने से वह व उनका छोटा भाई मामूली रूप से जख्मी भी हो गए।