Prayagraj : संगम में डूबे अधिवक्ता समेत चार युवकों के शव मिले, पानी में समाए एक युवक की खोजबीन जारी
दारागंज में स्नान करने गए अधिवक्ता समेत नौ लोग रविवार शाम संगम में डूब गए थे। सोमवार को अधिवक्ता महेश्वर वर्मा समेत चार युवकों के शव गहरे पानी से बरामद कर लिए गए। एक युवक का पता नहीं चल सका। एसडीआरएफ और जल पुलिस के जवान गोतोखोरों की मदद से खोजबीन में जुटे हैं।
विस्तार
संगम में स्नान के दौरान डूबे अधिवक्ता और तीन छात्रों की मौत हो गई। सोमवार सुबह सभी के शव बरामद कर लिए गए। छात्र उत्कर्ष गौतम का दूसरे दिन भी कुछ पता नहीं चला। देर शाम तक पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी रहीं। रविवार की शाम नौ लोग डूब गए थे, जिनमें से चार को बचा लिया गया था।
जल पुलिस, एसडीआरएफ व पीएसी की तीन अलग-अलग टीमों ने सोमवार सुबह एक बार फिर डूबे लोगों की तलाश शुरू की। कुछ प्राइवेट गोताखोरों को भी लगाया गया था। करीब आठ बजे सबसे पहले अधिवक्ता महेश्वर का शव बरामद हुआ। इसके 15 मिनट बाद एनडीए की तैयारी करने वाले विशाल वर्मा, थोड़ी ही देर बाद सुमित विश्वकर्मा का शव पानी में उतराता मिला। टीमें संगम में डूबे अन्य दो छात्रों की तलाश में लगी रहीं।
शाम पांच बजे के करीब एक और शव बरामद हुआ जिसकी पहचान एसएससी परीक्षा की तैयारी करने वाले अभिषेक अग्रहरि के रूप में हुई। पुलिस टीमें तलाश में लगी रहीं लेकिन उत्कर्ष का पता नहीं चला। जल पुलिस प्रभारी कड़ेदीन यादव ने बताया कि शाम होने पर एक बार फिर संगम घाट के आसपास जाल लगवाया गया है। मंगलवार को फिर से तलाश की जाएगी।
24 जवानों की टीम, 14 घंटे तक खोजबीन
संगम में डूबे लोगों की तलाश में कुल 24 जवानों को लगाया गया था। इनमें जल पुलिस के अलावा पीएसी फ्लड कंपनी व एसडीआरएफ के जवान शामिल थे। टीमों ने करीब 14 घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। भाेर में पांच बजे के करीब संगम में डूबे पांच लोगों की तलाश शुरू कर दी गई थी। शाम करीब सात बजे तक सर्च ऑपरेशन चलता रहा। इसके बाद अंधेरा होने पर जवान बाहर निकल आए।
सिर्फ एक शव का हो सका पोस्टमार्टम
सोमवार को बरामद चार शवों में से सिर्फ एक का पोस्टमार्टम हो सका। हालांकि तीन शव सुबह नौ बजे के भीतर ही बरामद कर लिए गए थे। पुलिस ने बताया कि महेश्वर के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। सुमित, विशाल व अभिषेक के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया गया।
इनकी हुई मौत
1- महेश्वर वर्मा पुत्र छोटे लाल वर्मा (23) निवासी मऊ, हाल पता मुट्ठीगंज चीनी मिल
2- सुमित विश्वकर्मा पुत्र शिवमंगल विश्वकर्मा (18) निवासी सतना, मप्र हाल पता सीएमपी कॉलेल के पास
3- विशाल वर्मा पुत्र विजय वर्मा(18) निवासी मुंगेर, बिहार हाल पता दरभंगा कॉलोनी, जार्जटाउन
4- अभिषेक अग्रहरि पुत्र जगदीश अग्रहरि (17) निवासी सुल्तानपुर-हाल पता बख्शीकला दारागंज
तलाश जारी
उत्कर्ष कुमार गौतम पुत्र विजय कुमार (19) निवासी सुल्तानपुर हाल पता बख्शीकला दारागंज