Mahakumbh : यातायात नियंत्रण के लिए पहली बार बाइक इंटरसेप्टर होगी तैनात, महाकुंभ के लिए 75 बाइकों की हुई खरीद
यातायात नियंत्रण में अब तक इंटरसेप्टर कार का प्रयाेग होता रहा है, लेकिन यूपी में पहली बार महाकुंभ के दाैरान इंटरसेप्टर बाइक की खरीद की गई है। एक दिन पूर्व यातायात विभाग की ओर से परेड ग्राउंड में लगी प्रदर्शनी के दाैरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी इसकी खूबियों से रूबरू कराया गया।
विस्तार
महाकुंभ में यातायात नियंत्रण के लिए पहली बार पुलिस की ओर से बाइक इंटरसेप्टर का प्रयोग किया जाएगा। स्पीड गन, कैमरा, जीपीएस ट्रैकर, वायरलेस कम्युनिकेश सिस्टम, सायरन और आधुनिक लाइट से लैस यह बाइक यातायात प्रबंधन में काफी कारगर मानी जा रही है। तकनीकी और सुविधाओं से युक्त एक बाइक इंटरसेप्टर की कीमत 7.5 लाख रुपये है। ऐसी 75 बाइकों को जल्द ही सड़कों पर उतारने की तैयारी है।
दरअसल यातायात नियंत्रण में अब तक इंटरसेप्टर कार का प्रयाेग होता रहा है, लेकिन यूपी में पहली बार महाकुंभ के दाैरान इंटरसेप्टर बाइक की खरीद की गई है। एक दिन पूर्व यातायात विभाग की ओर से परेड ग्राउंड में लगी प्रदर्शनी के दाैरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी इसकी खूबियों से रूबरू कराया गया। बताया गया कि भारी-भरकम पुलिस वाहनों की अपेक्षा यह बाइक ट्रैफिक जाम और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आसानी से पहुंच सकती है।
साथ ही यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जा सकती है। बाइक में लगा स्पीड गन गति की निगरानी और तेज रफ्तार वाहनों को पकड़ने में मदद करेगा। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों को कैमरा रिकाॅर्ड कर सकेगा, जबकि जीपीएस से लोकेशन ट्रैकिंग की जा सकेगी। अधिकारियों के अनुसार, यातायात नियंत्रण के लिए बाइक इंटरसेप्टर एक प्रभावी समाधान है, जिसका प्रयोग महाकुंभ में किया जाएगा। इसके बाद खरीदी गईं 75 बाइक इंटरसेप्टर को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में वितरित किया जाएगा।
यातायात कर्मियों को राहत देगा 25 हजार का एसी हेल्मेट
महाकुंभ में सुरक्षा के साथ ही माैसम की मार और प्रदूषण से बचाव के लिए यातायात कर्मियों को एसी हेल्मेट से लैस किया जाएगा। यातायात पुलिस की ओर से डेढ़ हजार एसी हेल्मेट की खरीद की गई है। एक हेल्मेट की कीमत 25 हजार रुपये बताई जा रही है।