Prayagraj : रामबाग नहीं प्रयागराज जंक्शन से चलेगी बापूधाम एक्सप्रेस, रेलवे ने दी मंजूरी
प्रयागराज रामबाग से बिहार के मुजफ्फरपुर जाने वाली बापूधाम एक्सप्रेस का संचालन अब प्रयागराज जंक्शन से होगा। रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन को प्रयागराज जंक्शन तक बढ़ाने व कोच की संख्या बढ़ाए जाने की स्वीकृति दे दी है।
विस्तार
प्रयागराज रामबाग से बिहार के मुजफ्फरपुर जाने वाली बापूधाम एक्सप्रेस का संचालन अब प्रयागराज जंक्शन से होगा। रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन को प्रयागराज जंक्शन तक बढ़ाने व कोच की संख्या बढ़ाए जाने की स्वीकृति दे दी है। जल्द ही इस ट्रेन का संचालन प्रयागराज जंक्शन से शुरू हो जाएगा। इसमें कोच की संख्या 16 से बढ़कर अब 21 हो जाएगी।
प्रयागराज जंक्शन तक विस्तारित होने के साथ ही बापूधाम एक्सप्रेस का नंबर भी बदल जाएगा। अभी इस ट्रेन का नंबर 12537/12538 है, जो अब बदलकर 14111/14112 हो जाएगा। इसके समय में भी थोड़ा बदलाव होगा। वर्तमान में यह ट्रेन मुजफ्फरपुर से सोमवार और बुधवार की शाम 7:30 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 8.30 बजे रामबाग पहुंचती थी।
लेकिन, अब ये ट्रेन रामबाग सुबह 8.25 बजे एवं जंक्शन 8.55 बजे पहुचेगी। वापसी में जंक्शन से सुबह 4.45 बजे चलकर 5.05 बजे रामबाग एवं शाम 6.10 बजे ट्रेन मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। रामबाग स्टेशन पर इसका दोनों ओर से पांच-पांच मिनट का ठहराव होगा। अब नई समय सारिणी जारी होने के साथ ही इसका संचालन प्रयागराज जंक्शन से शुरू होगा। इस संबंध में रेलवे बोर्ड के निदेशक कोचिंग संजय आर नीलम की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि जोनल रेलवे इस बदलाव को अपनी सुविधा के अनुरूप लागू कर संचालन शुरू कर दें।