Allahabad University : वित्तीय मामले में लापवाही उजागर होने पर लंबी छुट्टी पर भेजे गए वित्त अधिकारी
इविवि के सूत्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय को अक्सर बड़े अनुदान मिलते हैं, जिनकी धनराशि एफडी के रूप बैंक में जमा हो जाती है। कभी-कभी धनराशि का उपयोग लंबे समय तक न होने पर वह खाते में पड़ी रहती है और उस पर ब्याज मिलता रहता है।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के वित्त अधिकारी (एफओ) डॉ. सुनील कांत मिश्र को लंबी छुट्टी पर भेज दिया गया है। वित्तीय मामलों में लापरवाही के कुछ मामले सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। मामले की जांच होगी और तब तक इविवि के वाणिज्य विभाग के प्रो. आरके सिंह यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
इविवि के सूत्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय को अक्सर बड़े अनुदान मिलते हैं, जिनकी धनराशि एफडी के रूप बैंक में जमा हो जाती है। कभी-कभी धनराशि का उपयोग लंबे समय तक न होने पर वह खाते में पड़ी रहती है और उस पर ब्याज मिलता रहता है।
सूत्रों के मुताबिक बैंक ने ब्याज की धनराशि पर इनकम टैक्स काट लिया, जबकि सरकारी संस्थान होने के कारण विश्वविद्यालय को मिलने वाले अनुदान से इनकम टैक्स की कटौती नहीं की जा सकती है। हालांकि यह लापरवाही काफी पहले से हो रही थी, लेकिन जब कुलपति के संज्ञान में आया तो इस मामले पूछताछ शुरू कर दी गई।
सवाल उठे कि बैंक को इस बात बारे में अवगत क्यों नहीं कराया गया कि विश्वविद्यालय को मिलने वाले अनुदान से इनकम टैक्स की कटौती नहीं की जाती है। इसी तरह कुछ अन्य भुगतान पर भी सवाल उठे, जिसके बाद वित्त अधिकारी से जवाब मांगा गया। सूत्रों का कहना है कि वित्त अधिकारी के जवाब से असंतुष्ट होने के बाद कुलपति के आदेश पर रजिस्ट्रार की ओर से पत्र जारी कर डॉ. सुनील कांत मिश्र से उनके आहरण एवं संवितरण संबंधी अधिकार वापस ले लिए गए और अब उन्हें लंबी छुट्टी पर भी भेज दिया गया।
ऑक्टा के अध्यक्ष रह चुके हैं डॉ. सुनील कांत
सीएमपी डिग्री कॉलेज के कॉमर्स विभाग के शिक्षक डॉ. सुनील कांत मिश्र ऑक्टा के अध्यक्ष रह चुके हैं। पूर्व कुलपति प्रो. रतन लाल हांगलू के कार्यकाल में वित्त अधिकारी के पद पर उनकी स्थायी नियुक्ति की गई थी।
‘कुलसचिव ने आदेश जारी किया है कि कुछ मामलों में जांच होनी है, इसलिए कुलपति के आदेश पर विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी डॉ. सुनील कांत मिश्र को लंबी छुट्टी पर भेज दिया गया है और उनके स्थान पर वित्त अधिकारी का चार्ज कॉमर्स विभाग के प्रो. आरके सिंह के पास रहेगा।’ - डॉ. जया कपूर, पीआरओ, इविवि