Atiq Murder : अतीक की हत्या के दूसरे दिन ही होटल से डीवीआर और रिकार्ड उठा ले गई थी पुलिस, होटल मैनेजर भ्रमित क
अतीक और अशरफ हत्याकांड में पुलिस दूसरे दिन यानी 16 अप्रैल को ही होटल स्टे इन पहुंच गई थी। पुलिस उसी दिन डीवीआर तथा बुकिंग के अन्य रिकार्ड उठा ले गई थी। कातिलों के स्टे इन में ठहरने की सूचना पर बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी तथा अन्य लोग होटल पहुंच गए थे।
विस्तार
अतीक और अशरफ हत्याकांड में पुलिस दूसरे दिन यानी 16 अप्रैल को ही होटल स्टे इन पहुंच गई थी। पुलिस उसी दिन डीवीआर तथा बुकिंग के अन्य रिकार्ड उठा ले गई थी। कातिलों के स्टे इन में ठहरने की सूचना पर बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी तथा अन्य लोग होटल पहुंच गए थे। होटल मैनेजर लोगों से अलग अलग बातें बताता रहा। उसने किसी से बताया कि पुलिस ने 16 अप्रैल को ही होटल सील कर दिया था तो किसी से कहा कि घटना के बाद दो ग्राहक कमरा नंबर 203 में ठहरे थे।
अतीक और अशरफ की हत्या करने वाले लवलेश तिवारी, सनी सिंह और अरुण मौर्या 13 अप्रैल की रात जंक्शन के सामने होटल स्टे इन पहुंचे थे। तीनों कमरा नंबर 203 में ठहरे थे। 14 और 15 अप्रैल को भी बाहर निकले थे। मैनेजर मोहित ने बताया कि वे अलग अलग निकल रहे थे। 15 अप्रैल को दो लोग एक साथ निकले और तीसरा बाद में निकला था।
16 अप्रैल को सुबह ही पुलिस होटल पहुंच गई थी। कमरा नंबर 203 की तलाशी के बाद पुलिस वालों ने तीनों के बारे में होटल स्टाफ से पूछताछ की। दो दिन के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। इसके साथ ही पुलिस डीवीआर और बुकिंग के सारे रिकार्ड उठा ले गई थी। इसके बाद भी पुलिस अधिकारियों ने कई बार होटल पहुंचकर पूछताछ की। कातिलों के होटल स्टे इन में ठहरने की खबर लीक होने के बाद शनिवार को वहां मीडिया का भारी जमावड़ा हो गया।
होटल मैनेजर से पूछा गया कि कातिलों ने अपनी आईडी से बुकिंग कराई थी कि फेक आईडी से? उसका कहना था कि उसे याद नहीं है। सारा रिकार्ड पुलिस के पास है। इतना जरूरी है कि बिना आईडी के किसी को ठहरने की इजाजत नहीं होती। मैनेजर मोहित ने कई तरह की बातें कीं। उसने बताया कि हत्याकांड के बाद भी दो ग्राहकों को वह कमरा दिया गया था। कमरे की सफाई में भी वहां कुछ नहीं था। उसने कहा कि पुलिस ने कमरे से क्या बरामद किया, होटल स्टाफ को नहीं बताया गया।
होटल स्टाफ ने बताया कि वीडियो देखकर पहचान गए थे तीनों को
स्टे इन होटल के एक स्टाफ ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि रात में जब अतीक अशरफ की हत्या के वीडियो वायरल हो गए थे। होटल स्टाफ उन लड़कों को पहचान गया था लेकिन, सभी बुरी तरह से डर गए थे। इस कारण पुलिस को कुछ नहीं बताया गया। कुछ घंटों के बाद तड़के फोर्स होटल पहुंच गई और सारा रिकार्ड उठा ले गई।