Prayagraj : माफिया अतीक अहमद समेत 11 के खिलाफ एक करोड़ की रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज
विधायक राजू पाल हत्याकांड में गवाह रहे जयंतीपुर के रहने वाले उमेश पाल ने 2018 में पीपल गांव में ट्रिपलआईटी के पास जमीन खरीदी थी। अतीक के गुर्गों खालिद जफर और मो. मुस्लिम की भी उस जमीन पर नजर थी। जमीन खरीदने के बाद उमेश जब भी बाउंड्री बनवाने का प्रयास करते, उनसे झगड़ा किया जाता।
विस्तार
अतीक के गुर्गों ने राजू पाल हत्याकांड के गवाह कृष्ण कुमार पाल उर्फ उमेश पाल से एक करोड़ की रंगदारी मांगी है। मामला फरवरी का है। एसएसपी के संज्ञान में आने के बाद बृहस्पतिवार को अतीक समेत 11 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। एफआईआर धूमनगंज थाने में दर्ज की गई है। विधायक राजू पाल हत्याकांड में गवाह रहे जयंतीपुर के रहने वाले उमेश पाल ने 2018 में पीपल गांव में ट्रिपलआईटी के पास जमीन खरीदी थी। अतीक के गुर्गों खालिद जफर और मो. मुस्लिम की भी उस जमीन पर नजर थी। जमीन खरीदने के बाद उमेश जब भी बाउंड्री बनवाने का प्रयास करते, उनसे झगड़ा किया जाता।
परेशान होकर उमेश ने न्यायालय में पैमाइश का आग्रह किया। पैमाइश के बाद फरवरी 2022 में बाउंड्री बनवाने गए। आरोप है कि उसी समय खालिद जफर, मो. मुस्लिम, दिलीप कुशवाहा और अबू साद व छह अन्य लोग असलहे लेकर पहुंचे। उमेश को धमकी देते हुए कहा कि ‘सांसद अतीक अहमद का आदेश है, अगर यह जमीन लेनी है तो पहले एक करोड़ दो वरना इस जमीन को भूल जाओ। बिना एक करोड़ दिए जमीन पर कब्जा किया तो मार दिए जाओगे’।
एसएसपी के आदेश पर लिखा गया मुकदमा, 2018 का है मामला
इस घटना के बाद उमेश ने तुरंत कंट्रोल रूम को फोन किया। थाने में प्रार्थनापत्र दिया। एसपी क्राइम से मुलाकात की लेकिन, उनकी रिपोर्ट नहीं दर्ज गई। हर बार उनसे कहा जाता, जांच की जा रही है। एक दिन पहले उमेश ने एसएसपी शैलेश पांडेय से मुलाकात कर पूरी बात बताई।
एसएसपी ने उन्हें थाने भेजा और एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। उमेश की तहरीर पर अतीक अहमद, मो. मुस्लिम, खालिद जफर, दिलीप कुशवाहा और अबू साद के खिलाफ रंगदारी समेत कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। अतीक अहमद को साजिश रचने का आरोपी बनाया गया है। इंस्पेक्टर धूमनगंज आरके मौर्या ने बताया कि एफआईआर लिखकर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की लोकेशन पता की जा रही है।