Prayagraj News : डीजी जेल से बोला अतीक का बेटा अली- इस सेल में दम घुटता है, किसी दूसरी बैरक में किया जाए शिफ्ट
Prayagraj News :डीजी जेल ने रविवार को केंद्रीय कारागार का निरीक्षण किया। डीजी पीसी मीणा ने जेल की हाई सिक्योरिटी सेल में बंद माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद से मुलाकात की। अली अहमद ने डीजी से कहा कि उसका इस सेल में दम घुटता है। किसी से मिलने नहीं दिया जाता, लिहाजा उसे दूसरे किसी बैरक में शिफ्ट किया जाए।
विस्तार
Atiq Ahmed Son Ali : उत्तर प्रदेश कारागार के महानिदेशक पीसी मीना रविवार को सेंट्रल जेल नैनी का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने केंद्रीय कारागार और जिला कारागार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैरकों में जाकर बंदियों की स्थिति देखी और भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। उन्होंने कई बंदियों से बातचीत की और जेल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। सेंट्रल जेल की हाई सिक्योरिटी सेल में बंद में अली अहमद से भी डीजी जेल ने मुलाकात की और समस्याओं के बारे में पूछा। माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद ने डीजी जेल से कहा कि हाई सिक्योरिटी सेल में उसका दम घुटता है। उससे किसी को मिलने नहीं दिया जाता है। जेल सूत्रों की मानें तो अली ने डीजी को यहां होने वाली असुवधिाओं के बारे में बताया तथा जेल की किसी अन्य बैरक में शिफ्ट किए जाने की बात कही।
बता दें उमेश पाल हत्याकांड के बाद से अली यहां पर बंद है। इस हाई सिक्योरिटी सेल में अली के अलावा एक अन्य बंदी को ही रखा गया है। साथ ही सुरक्षा को देखते हुए यहां पर 24 घंटे जेल प्रशासन द्वारा निगाह रखी जाती है। बता दे कि बीते दिनों अली की बैरक से नकदी मिली थी। मामले में पूछे गए सवाल में डीजी जेल ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में सस्पेंड किए गए डिप्टी जेल क्रांति देवी व हेड वार्डर संजय द्विवेदी के सवाल पर उन्होंने जांच की जाने की बात कही। संवाद
मीडिया से बनाई दूरी
नैनी। डीजी जेल को पहले जिला जेल का निरीक्षण करना था। इसे लेकर वह जिला जेल की गेट पर पहुंचे। लेकिन वहां मौजूद मीडिया कर्मियों को देखकर वह केंद्रीय कारागार की ओर चले गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल अधिकारियों से मीडिया को सूचना दिए जाने के बारे में बातचीत की। साथ ही निरीक्षण के बाद बाहर निकलते ही वह अपनी कार में बैठकर जाने लगे। मीडिया कर्मियों द्वारा टोके जाने पर वह दो मिनट बाते करने के बाद चले गए।