AQI Prayagraj : आतिशबाजी की चमक ने खराब की आबोहवा, पटाखों ने तीन गुना बढ़ाया संगमनगरी का वायु प्रदूषण
Prayagraj AQI Rises : दीपावली पर प्रयागराज की आबोहवा बिगड़ गई है। पटाखों ने वायु गुणवत्ता को तीन गुना खराब कर दिया है। संगमनगरी में AQI खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। सबसे ज्यादा वायु प्रदूषण जॉनसेनगंज, अलोपीबाग में रहा, जबकि सबसे कम सर्किट हाउस इलाके में पाया गया।
विस्तार
Firecrackers Triple Air Pollution on Diwali : दिवाली पर हुई दो दिनों तक हुई आतिशबाजी ने शहर की आबोहवा में जहर घोल दिया। पटाखों से निकलने वाले धुएं के कारण वायु प्रदूषण का स्तर तकरीबन तीन गुना बढ़ा हुआ रिकाॅर्ड दर्ज किया गया। सोमवार और मंगलवार रात वायु प्रदूषण का सूचकांक इस सीजन में अब तक सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। पीएम 10 का घनत्व सबसे ज्यादा जानसेनगंज और अलोपीबाग का रहा। यहां एक्यूआई का स्तर 443 (एमबीएंट एयर क्वालिटी) दर्ज किया गया। पिछले साल भी दिवाली पर सबसे ज्यादा पीएम 10 अलोपीबाग और जानसेनगंज का था। हवा में सल्फर, नाइट्रोजन और कार्बन की मौजूदगी से मंगलवार सुबह लोगों को सांस लेने दिक्कत हुई। 2024 में दिवाली की रात अधिकतम वायु प्रदूषण सूचकांक 366 माइक्रोग्राम था।
झूंसी स्थित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से एमएनआईटी के सहयोग से शहर में पांच जगहों पर वायु प्रदूषण का मापन कराया जाता है। शहर में कटरा क्रॉसिंग, सर्किट हाउस, अशोक नगर, सीवेज पंपिंग स्टेशन अलोपीबाग, जानसेनगंज क्रॉसिंग व पराग डेयरी रामबाग में वायु प्रदूषण को मापने को यंत्र लगाए गए हैं। दिवाली वाले दिन सभी जगहों पर वायु प्रदूषण की अधिकता तीन गुना दर्ज की गई।
साइलेंस जोन में भी धमाके
साइलेंस जोन में भी दिवाली वाले दिन प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का प्रतिबंध नाकाफी रहा। सर्किट हाउस अशोक नगर में पीएम 10 सामान्य दिनों की अपेक्षा दो गुना रहा। 13 अक्तूबर को यहां का पीएम 10 का स्तर 140 और दिवाली वाले दिन तकरीबन दो गुना 244 दर्ज किया गया।
वायु प्रदूषण का स्तर इस दिवाली पर वायु प्रदूषण का स्तर 2024 की दिवाली पर
कटरा क्रॉसिंग 434 366
सर्किट हाउस 244 234
जानसेनगंज क्रॉसिंग 443 351
अलोपीबाग पंपिंग स्टेशन 443 303
रामबाग 399 329 (वायु गुणवत्ता सूचकांक)
वायु गुणवत्ता के मानक
0 से 50 वायु गुणवत्ता सूचकांक अच्छा
51 से 100 वायु गुणवत्ता सूचकांक संतोषजनक
101 से 200 वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम
201 से 300 वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब
301 से 400 वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब
401 से ऊपर वायु गुणवत्ता सूचकांक गंभीर
दिवाली वाले दिन पटाखों के कारण वायु प्रदूषण सामान्य दिनों की अपेक्षा हर साल बढ़ जाता है। हवा के न चलने के कारण वायु प्रदूषण में सुधार नहीं हो रहा है। हवा न चलने से पीएम 10 सूक्ष्म कणों से भी बढ़ने वाले वायु प्रदूषण को खींच लेता है। जब तक हवा नहीं चलेगी धुंध रहेगी। एक से दो दिन में मौसम साफ होने की संभावना है। - विजय कुमार, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी, प्रयागराज
पटाखों का उपयोग कम होने से ठीक रहा ध्वनि प्रदूषण
दिवाली वाले दिन आवासीय क्षेत्र मम्फोर्डगंज में ध्वनि प्रदूषण 58.2 डेसीबल, नई झूंसी में 54.7 व अल्लापुर में 63.5 डेसीबल दर्ज किया गया जो सामान्य दिनों से दस से 12 प्वाइंट ज्यादा है। इसी प्रकार वाणिज्य क्षेत्र सिविल लाइंस 65.2 और तेलियरगंज बाजार में ध्वनि प्रदूषण 62.8 डेसीबल दर्ज किया गया। जानसेनगंज चौराहे पर 61.2, घंटा घर चौक में 65.4, रेलवे स्टेशन 65.6 व कटरा में 63.7 डेसीबल ध्वनि प्रदूषण रहा। शांत क्षेत्र इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पास ध्वनि प्रदूषण 50.2 डेसीबल रिकॉर्ड किया गया।