अमर उजाला फाउंडेशन : स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर प्रयागराज मंडल के महादानियों में दिखा उत्साह
- अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों में भारी उत्साह देखा गया।
विस्तार
खून की कमी से किसी गंभीर मरीज की जान अब नहीं जाएगी। इसी संकल्प के साथ अमर उजाला फाउंडेशन ने पहल करते हुए शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित कराए। अमर उजाला के साथ बेली ब्लड बैंक, इलाहाबाद नर्सिंग होम एसोसिएशन में सेवा भाव का जज्बा लिए आए लोगों ने रक्तदान किया। कई सामाजिक, स्वयंसेवी संगठनों के साथ नर्सिंग होम संचालकों ने भी लोगों को प्रेरित कर महादानी बनने का अवसर दिया।
प्रयागराज मंडल में 78 यूनिट रक्तदान कर लोगों ने महादानियों की सूची में अपना नाम दर्ज कराया। प्रयागराज में 67 और प्रतापगढ़ में 11 यूनिट ब्लड डोनेट किया गया। दोनों स्थानों पर गांधी जयंती पर रक्तदान शिविरों का आयोजन दस से चार बजे तक किया जाएगा।
बेली ब्लड बैंक में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. किरन बाला ने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने अमर उजाला फाउंडेशन के इस प्रयास को सराहा। रक्तदानियों को बताया कि इससे बड़ा कोई दान या पुण्य नहीं है, जिससे किसी की जान बचे। सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक चले शिविर के अतिरिक्त संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी रक्तदान महाभियान में सहयोग किया। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. उत्तम सिंह, मुख्य परामर्शदाता अजय मिश्रा ने लोगों को रक्तदान का महत्व बताया। शिविर में डॉ. केसी गुप्ता,अलोक कुमार, हरिवंश मौर्य, पंकज यादव आदि ने सहयोग किया।
वहीं इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के एल्गिन रोड स्थित ब्लड बैंक में केनरा बैंक के मुख्य प्रबंधक निर्मल कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने अमर उजाला की सामाजिक सरोकर से जुड़ी इस मुहिम को मानवता हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि केनरा बैंक स्वैच्छिक रक्तदान ही नहीं अन्य सामाजिक गतिविधियों में साथ रहेगा। इविवि के अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत घोष, डॉ. किरन सिंह ने लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर महादानियों के हौसले की तारीफ की।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश नर्सिंग होम एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील सिन्हा, स्थानीय शाखा अध्यक्ष डॉ. अवनीश सक्सेना, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. निकुंज अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। वहीं इस अभियान में डॉ. चेतन कपूर, डॉ. राजकिशोर अग्रवाल, डॉ. आलोक मिश्रा, डॉ. भगवत पांडेय आदि का सहयोग रहा।
120 वीं बार एसएमएम नकवी ने किया रक्तदान, किया प्रेरित
अमर उजाला फाउंडेशन, एएनएचए ब्लड बैंक के रक्तदान शिविर में पहले महादानी रहे एसएमएम नकवी, उन्होंने शुक्रवार को 120 बार रक्तदान किया। ब्लड बैंक में रक्तदान का रिकार्ड बनाने वाले अमित बनर्जी के साथ मुख्य अतिथि, चिकित्सकों ने उनका अभिनंदन किया।
एनसीसी कैडेट शिविर में आए, रक्दान को करेंगे जागरूक
एएनएचए ब्लड बैंक में आयोजित शिविर में छठी बटालियन एनसीसी गर्ल्स विंग की मेजर डॉ. फातिमा भी एनसीसी कैडेटों के साथ पहुंची। 18 से कम उम्र होने के कारण कैडेट रक्तदान तो नहीं कर सकीं पर उन्होंने रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित करने का संकल्प लिया। छात्राओं ने कहा कि हम शुरुआत घर से करेंगे। पहले माता-पिता फिर रिश्तेदारों को महादानी बनाएंगे। महादानी अमित बनर्जी ने छात्राओं के लिए क्विज का आयोजन किया। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कैडटों में श्रेयषी पांडेय, ज्योत्सना राय, आयुषी चौरसिया, संपदा, संस्कृति श्रीवास्तव, सृष्टि पांडेय, रिया कुशवाहा, आकृति मौर्या, सोनाली सिंह, सिद्धि अग्रवाल, नुरशा खान, अदिति उपाध्याय, गरिमा श्रीवास्तव, रिद्धि अग्रवाल, आयुषी त्रिपाठी, स्नेहल मिश्रा शामिल रहीं।