Allahabad University : नए सत्र के लिए दिसंबर तक पीएचडी प्रवेश पूरा करने का लक्ष्य
कोविड के दौरान पिछड़ा सत्र अभी तक पटरी पर नहीं आ सका है। विश्वविद्यालय प्रशासन की तैयारी है कि सत्र 2024 के लिए किसी तरह दिसंबर तक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करा ली जाए। अगर ऐसा हो जाता है तो 2025 से पीएचडी का सत्र पूरी तरह से पटरी पर आ जाएगा।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में नए सत्र के लिए पीएचडी प्रवेश की तैयारी शुरू कर दी गई है। संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट)-2023 के माध्यम से दाखिले की प्रक्रिया ज्यादातर विभागों में अंतिम दौर में है। दाखिले की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभागों से सीटों का विवरण मांगा जाएगा और इसके बाद आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इविवि में पीएचडी का सत्र एक साल पीछे चल रहा है।
कोविड के दौरान पिछड़ा सत्र अभी तक पटरी पर नहीं आ सका है। विश्वविद्यालय प्रशासन की तैयारी है कि सत्र 2024 के लिए किसी तरह दिसंबर तक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करा ली जाए। अगर ऐसा हो जाता है तो 2025 से पीएचडी का सत्र पूरी तरह से पटरी पर आ जाएगा। इविवि और संघटक महाविद्यालयों में पीएचडी की एक हजार से अधिक सीटों पर प्रवेश संभावित है।
इस बीच यूजीसी ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से भी विश्वविद्यालयों में पीएचडी प्रवेश की व्यवस्था को लागू कर दिया है। हालांकि, विश्वविद्यालयों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा में शामिल होने की कोई अनिवार्यता नहीं है। विश्वविद्यालय चाहे तो अलग से भी पीएचडी प्रवेश के लिए परीक्षा करा सकता है। पीएचडी की सीटें अधिक होने से इविवि अपने स्तर से ही प्रवेश परीक्षा कराने की तैयारी में है।
इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के सूत्रों का कहना है कि अगर सबकुछ समय से हुआ तो अगस्त या सितंबर तक सत्र 2024 के लिए आवेदन ले लिए जाएंगे और अक्तूबर तक परीक्षा भी करा ली जाएगी, ताकि दिसंबर तक सभी विभागों में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी हो जाए और नए सत्र का संचालन शुरू कर दिया जाए।
इविवि में पीजी प्रवेश के लिए 20 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और संघटक महाविद्यालयों में परास्नातक (पीजी) प्रवेश के लिए अब तक 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। पीजी प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए रविवार तक 21905 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं और इनमें से 8410 अभ्यर्थी फीस जमा करके आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी कर चुके हैं। इविवि व कॉलेजों में 60 विषयों में पीजी प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि पांच जून निर्धारित है।