इलाहाबाद विश्वविद्यालय : विधि छात्र से रैंगिंग, शिकायत पर मचा हड़कंप, तीन छात्र निलंबित
इविवि विधि के एक छात्र ने चीफ प्रॉक्टर से शिकायत दर्ज कराई कि उसके साथ बीएएलएलबी के कुछ छात्रों ने रैंगिंग की और जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत एंटी रैंगिंग पोर्टल पर भी की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के विधि संकाय में रैगिंग का मामला सामने आया है। एंटी रैगिंग पोर्टल पर मामले की शिकायत दर्ज होने के बाद विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रो. हर्ष कुमार ने बीएएलएलबी पांचवें वर्ष के तीन छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। हालांकि चर्चा यह भी है कि मामला आपसी झगड़े का है। मामले में मुकदमा दर्ज हो चुका है।
विधि के एक छात्र ने चीफ प्रॉक्टर के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि जब वह विधि संकाय में वरिष्ठ छात्रों के साथ उपस्थित था, उसी समय मम्फोर्डगंज निवासी बीएएलएलबी पांचवें वर्ष के छात्र उज्जवल कुशवाहा ने मारने की धमकी दी।
अन्य वरिष्ठ छात्रों ने बीच बचाव किया। जब वह वापस जाने लगा तभी चार पहिया वाहन पर सवाल आठ-नौ लोग पहुंचे और उज्जवल एवं बीएएलएलबी पांचवें वर्ष के छात्र आदित्य यादव के साथ मिलकर बीएएलएलबी पांचवें वर्ष के छात्र हर्ष पाठक से गालीगलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी।
अपहरण का भी किया गया प्रयास
उन्हीं में एक पुराछात्र धीरेंद्र प्रताप सिंह ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि गाड़ी में भरकर ले चलें और इसकी हत्या कर दी जाए। चीफ प्रॉक्टर ने इस शिकायत के आधार पर उज्जवल कुशवाहा और सिविल लाइंस निवासी आदित्य यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए छह अप्रैल को अपराह्न दो से तीन बजे के बीच कुलानुशासक कार्यालय में अपने अभिभावक के साथ उपस्थित होकर लिखिल स्पष्टीकरण देने को कहा है और यह भी पूछा है कि क्यों न इस कृत्य के लिए विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया जाए।
इसके साथ ही चीफ प्रॉक्टर ने आजमगढ़ निवासी विधि छात्र हर्ष पाठक को भी निलंबित करते हुए सात अप्रैल को अपराह्न दो से तीन बजे के बीच अपने अभिभावकों के साथ कुलानुशासक कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा है।
चीफ प्रॉक्टर ने निलंबन नोटिस में कहा है कि एंटी रैगिंग पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर हुई जांच के दौरान कुछ छात्रों ने घटना में हर्ष के शामिल होने की बात भी कही है। साथ ही हर्ष पर आरोप है कि उसने उज्जवल कुशवाहा को पकड़कर खींचा और मारापीटा। इसे अनुशासनहीनता मानते हुए हर्ष को भी निलंबित किया गया है।