Allahabad University : पीजी प्रवेश के लिए 22 से शुरू होगी काउंसलिंग, 61 विषयों की 7231 सीटों पर होंगे दाखिले
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में सत्र 2025-26 के तहत परास्नातक (पीजी) प्रवेश के लिए 22 जुलाई 2025 से ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू होने जा रही है। पीजी के 61 विषयों की 7231 सीटों पर दाखिले के लिए 28330 दावेदार हैं।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में सत्र 2025-26 के तहत परास्नातक (पीजी) प्रवेश के लिए 22 जुलाई 2025 से ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू होने जा रही है। पीजी के 61 विषयों की 7231 सीटों पर दाखिले के लिए 28330 दावेदार हैं। इविवि की प्रवेश समिति की शनिवार को बैठक में विभिन्न विभागों के पीजी प्रवेश समन्वयकों को काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षित किया गया और संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रवेश निदेशक प्रो.जेके पति के अनुसार विश्वविद्यालय ने पीजी पाठ्यक्रमों के लिए पूरी तरह से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया अपनाई है, जहां आवेदक www.ecounselling.in लिंक के माध्यम से ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।
इसके अलावा पीजीएटी क्रेडेंशियल्स के माध्यम से लॉगइन करके विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.allduniv.ac.in पर एडमिशन बटन के अंतर्गत पीजी एडमिशन 2025 पर क्लिक कर सकते हैं। विभाग 22 जुलाई 2025 से प्रवेश डैशबोर्ड और विश्वविद्यालय की वेवसाइट पर मेरिट प्रकाशित करके योग्य आवेदकों को बुलाएंगे।
अभ्यर्थी केवल तभी पंजीकरण करा सकेंगे, जब पीजीएटी-2025 में प्राप्त उनके कुल अंक विभाग द्वारा किसी विशेष पाठ्यक्रम के लिए जारी मेरिट सूची के अंतर्गत हों। अभ्यर्थियों को सुझाव दिया जाता है कट-ऑफ मेरिट के लिए नियमित रूप से ई-काउंसलिंग वेबसाइट/विश्वविद्यालय की वेबसाइट देखते रहें। पीजीएटी समन्वयक की ओर से सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थी आवेदक शुल्क जमा कर सकेंगे और किसी विशेष पाठ्यक्रम में उनकी सीट सुरक्षित होगी।
आवेदकों को सलाह दी जाती है कि वे अपलोड किए जाने वाले अपने दस्तावेजों की स्कैन प्रति अपने पास रखें। जैसे कि 10वीं का प्रमाणपत्र सह मार्कशीट, 12वीं का प्रमाणपत्र सह मार्कशीट, स्रातक प्रमाणपत्र व मार्कशीट आदि। आवेदकों को केवल केंद्र सरकार के प्रारूप में अपना नवीनतम जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। खेल व दिव्यांगजन कोटे के तहत प्रवेश का दावा करने वाले अवेदकों को क्रमशः खेल बोर्ड और चिकित्सा बोर्ड द्वारा बुलाया जाएगा।
वेबसाइट पर उपलब्ध हैं अंडरटेकिंग फॉर्म
प्रवेश निदेशक के अनुसार ई-काउंसलिंग वेबसाइट पर डाउनलोड कई अंडरटेकिंग फॉर्म उपलब्ध हैं। जैसे कि गैप ईयर के लिए अंडरटेकिंग, माता-पिता से अंडरटेकिंग, स्थानांतरण/गाइग्रेशन प्रमाणपत्र के लिए अंडरटेकिंग।
आवेदकों के लिए एबीसी आईडी जरूरी
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देशानुसार सभी आवेदकों के पास अपनी-अपनी अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (एबीसी) आईडी होनी चाहिए। आवेदक अपनी एबीसी आईडी बनाने के लिए यह लघु वीडियो www.youtube.com/watch?v=Gw3DUHaJg1c देख सकते हैं।
यूजी प्रवेश के लिए 32442 पंजीकरण
इविवि में स्नातक (यूजी) प्रवेश के लिए शनिवार शाम तक 31442 अभ्यर्थियों ने समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किए। इनमें से 15972 अभ्यर्थियों ने फीस जमा करते हुए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 26 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है।