आज से खुल जाएंगे इलाहाबाद विश्वविद्यालय और संघटक कॉलेज, अभी जारी रहेगी आनलाइन पढ़ाई
- सिर्फ प्रशासनिक कार्य होंगे, पूर्व की भांति चलती रहेंगी ऑनलाइन कक्षाएं
- विश्वविद्यालय और कॉलेजों के सभी कार्यालयों में कराया गया सैनिटाइजेशन
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और संघटक महाविद्यालय एक जून से खुलने जा रहे हैं। हालांकि मंगलवार से केवल विश्ववविद्यालय एवं कॉलेजों के कार्यालय ही खुलेंगे। इविवि एवं कॉलेजों में चार जुलाई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है, ऐसे में शिक्षकों के लिए अवकाश रहेगा और छात्र-छात्राएं भी परिसर में नहीं आएंगे। इस दौरान शिक्षक पूर्व की भांति ऑनलाइन कक्षाएं लेते रहेंगे।
कोविड के कारण इविवि एवं संघटक कॉलेज एक माह से पूरी तरह से बंद चल रहे हैं। कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण इविवि एवं महाविद्यालयों में चार जुलाई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया था। इसके बाद विश्वविद्यालय और कॉलेजों के कार्यालय भी पूरी तरह से बंद कर दिए गए। अब एक जून से विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के खुलने जा रहे हैं, जहां केवल प्रशासनिक कार्य ही किए जाएंगे। सोमवार को विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के कार्यालय पूरी तरह से सैनिटाइज किए गए, ताकि मंगलवार से कामकाज शुरू हो सके। हालांकि कर्मचारियों को रोस्टर के अनुसार बुलाया गया है।
50 फीसदी कर्मचारी सोमवार से बुधवार तक और बाकी कर्मचारी बृहस्पतिवार से शनिवार तक कार्यालय आएंगे। रोस्टर के अनुसार जिस दिन कर्मचारियों को कार्यालय नहीं आना है, उस दिन ऑनलाइन मोड में उन्हें उपलब्ध रहना होगा, ताकि आवश्यक कार्य के लिए जरूरत पडने पर उन्हें कार्यालय बुलाया जा सके। हालांकि उन कर्मचारियों को ऑफिस आने से छूट दी जाएगी, जिनका आवास कंटेनमेंट जोन में है। कंटेनमेंट जोन की श्रेणी से अलग होने पर उन्हें कार्यालय आना होगा, लेकिन तब तक ऐसे कर्मचारी ऑनलाइन मोड में उपलब्ध रहेंगे। कार्यालय खुलने के बाद भी बैठकें ऑनलाइन मोड या वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएंगी।