इविवि: छात्रों ने लगाए आरोप, महिला खिलाड़ियों के लिए नहीं है वॉश रूम और चेंजिंग रूम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में पिछले कई दिनों से छात्रसंघ बहाली को लेकर धरना प्रदर्शन चल रहा है। इस दौरान विश्वविद्यालय की बेहद लचर व्यवस्था का रूप सामने आया है। दरअसल इविवि में महिला खिलाड़ियों के लिए अलग से वॉश रूम और चेंजिंग रूम की भी व्यवस्था नहीं है। छात्रसंघ बहाली के लिए इविवि में 41 दिनों से धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं ने इस अव्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।
संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले धरने पर बैठे छात्रों का आरोप है कि इविवि प्रशासन की ओर से विश्वविद्यालय की विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों को ट्रैक सूट तक उपलब्ध नहीं कराया गया है और इसी वजह से उन्हें प्रतियोगिताओं के दौरान मार्चपास्ट में शामिल नहीं होने दिया जाता है। छात्रों ने यह मांग की है कि प्रत्येक विभाग के कांफ्रेंस हॉल में हर शुक्रवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।
इस दौरान खेल की तमाम प्रतियोगिताओं में महिला टीम को न भेजे जाने और खेल उपकरणों की कमी का मुद्दा भी उठा। धरने में छात्रसंघ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव, सत्यम सिंह सनी, छात्र नेता राहुल क्रांति, जय सिंह, सूरज शुक्ला, शशांक शर्मा, मेहंद्र पटेल, सीताराम बिंद आदि शामिल रहे।
कुलपति से मिलने के लिए डीएम-एसएसपी से गुहार
इविवि में खेल-कूद की गतिविधियों, सेमिनार आदि के आयोजन के मुद्दे पर छात्रसंघ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले कुलपति से वार्ता करना चाहते हैं। अखिलेश ने इसके लिए डीएम और एसएसपी से गुहार लगाई है। दोनों को ज्ञापन देकर मांग की है कि इविवि प्रशासन से बातचीत के लिए समय निर्धारित कराया जाए।