Allahabad University : इविवि में यूजी प्रवेश के लिए 54 हजार रजिस्ट्रेशन, आज अंतिम मौका
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में स्नातक (यूजी) प्रवेश के लिए के लिए शुक्रवार शाम तक 53,907 अभ्यर्थियों ने समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया और इनमें से 41016 अभ्यर्थियों ने फीस जमा करते हुए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में स्नातक (यूजी) प्रवेश के लिए के लिए शुक्रवार शाम तक 53,907 अभ्यर्थियों ने समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया और इनमें से 41016 अभ्यर्थियों ने फीस जमा करते हुए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली। रजिस्ट्रेशन की आखिरी तिथि 26 जुलाई निर्धारित है।
इविवि के प्रवेश निदेशक प्रो. जेके पति ने बताया कि कला स्नातक (फैशन डिजाइन एवं प्रौद्योगिकी) में प्रवेश के इच्छुक सीयूईटी यूजी-2025 के आवेदक अपना पंजीकरण, प्रोफाइल अपडेट व पंजीकरण शुल्क का भुगतान 31 जुलाई तक कर सकते हैं। उनके लिए 24 जुलाई से पंजीकरण शुरू किया गया है। अन्य पाठ्यक्रमों में आवेदन के इच्छुक अभ्यर्थियाें को सलाह दी जाती है कि वे पंजीकरण शुल्क भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाएं क्योंकि 26 जुलाई शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि है और पंजीकरण शुल्क जमा करने वाले अभ्यर्थियों को ही काउंसलिंग में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।
पीजी के सात पाठ्यक्रमों के कटऑफ अंक घोषित
इविवि ने एमएड सहित सात पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नए कटऑफ अंक जारी किए हैं। एमए मध्यकालीन/आधुनिक इतिहास का अनारक्षित श्रेणी का कटऑफ 144, ओबीसी का 134, एससी का 120, एसटी में सभी व ईडब्ल्यूएस का 132 अंक, दर्शनशास्त्र में अनारक्षित का 144 , ओबीसी का 118, एससी का 96, एसटी में सभी व ईडब्ल्यूएस 120 अंक, एमएड में अनारक्षित का 150, ओबीसी का 136, एससी का 120, एसटी का 74 व ईडब्ल्यूएस का 142 अंक, एमएससी कृषि कीटविज्ञान में अनारक्षित का 155, ओबीसी का 122, एससी का 126 व एसटी का 98 अंक, एमएससी फूड टेक्नोलाजी में अनारक्षित का 110 अंक व अन्य श्रेणियों में सभी पात्र, एमएससी जंतु विज्ञान में अनारक्षित का 172, ओबीसी का 158, एससी का 138 अंक, एसटी का 92 व ईडब्ल्यूएस का 163 अंक और एमवोक मीडिया स्टडीज में अनारक्षित का कटऑफ 80 अंक है।
नई शिक्षा नीति के लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू
नई शिक्षा नीति के तहत बदले गए पाठ्यक्रमों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए विश्वविद्यालय में शिक्षकों का प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्हें नई समय सारणी, मूल्यांकन प्रणाली के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही बताया जा रहा है कि वे छात्रों का मार्गदर्शन कैसे करें। स्नातक का चार वर्षीय ऑनर्स पाठ्यक्रम का संचालन सहजता से किया जा सके और पाठ्यक्रम चयन में विविधा के कारण समय सारिणी का निर्धारण कैसे किया जाएगा, इस बारे में भी बताया जा रहा है।
ऑनर्स किया तो एक साल में होगा पीजी
इविवि में नई शिक्षा नीति के तहत स्नातक का चार वर्षीय ऑनर्स कार्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों को एक साल में पीजी की पढ़ाई पूरी करने का मौका मिलेगा लेकिन स्नातक ऑनर्स की डिग्री के लिए कड़ी स्पर्धा का सामना करना होगा। चौथे वर्ष में ऑनर्स की डिग्री के लिए निर्धारित मानदंड पूरा करने वाले विद्यार्थियों को ही प्रवेश मिलेगा। स्नातक ऑनर्स के लिए चयनित न होने पर छात्र को दो वर्षीय पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना होगा।
केपी ट्रेनिंग कॉलेज में 29 व 30 जुलाई को दाखिला
केपी ट्रेनिंग कॉलेज की प्राचार्य प्रो. अंजना श्रीवास्तव के अनुसार, बीएड प्रवेश परीक्षा सत्र 2025-2026 के वे अभ्यर्थी जिन्होंने 21 से 23 जुलाई के मध्य महाविद्यालय में काउंसलिंग कराई है, वे महाविद्यालय के सूचना बोर्ड एवं वेबसाइट www.kptc.ac.in पर उपलब्ध प्रवेश सूची के अनुसार 29 तथा 30 जुलाई को प्रवेश ले सकते हैं। उन्हें महाविद्यालय में अपने समस्त वांछित शैक्षिक अभिलेखों की मूल एवं छाया प्रति के साथ पूर्वाह्न 11 से अपराह्न दो बजे के बीच संपर्क करना है।