एयर शो : तीन से आठ अक्तूबर तक संगम जाने पर रोक, गरजने लगे लड़ाकू विमान
वायुसेना दिवस पर परेड के साथ हवाई शौर्य प्रदर्शन छह अक्तूबर से आरंभ होगा, लेकिन इंतजामों को लेकर अफसरों की दौड़ शुरू हो गई है। शनिवार को सेना की आईटी एक्सपर्ट टीम ने पूर्वाभ्यास की तैयारियों को परखा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संगम क्षेत्र में वायुसेना दिवस पर होने वाले एशिया के सबसे बड़े एयर शो के लिए शनिवार को आपात स्थितियों से निपटने के लिए इंतजामों को परखा गया। शो के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से सेना की ओर से तीन से आठ अक्तूबर तक संगम नोज और आसपास के इलाके में किसी तरह की गतिविधि पर रोक लगा दी गई है। इस क्षेत्र को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा। तीर्थ पुरोहितों की भी आवाजाही पर रोक रहेगी। इसी के साथ संगम के आसमान पर वायुसेना के लड़ाकू विमान उड़ान भरने लगे हैं।
वायुसेना दिवस पर परेड के साथ हवाई शौर्य प्रदर्शन छह अक्तूबर से आरंभ होगा, लेकिन इंतजामों को लेकर अफसरों की दौड़ शुरू हो गई है। शनिवार को सेना की आईटी एक्सपर्ट टीम ने पूर्वाभ्यास की तैयारियों को परखा। संगम क्षेत्र में जहां एयर शो के लिए वीआईपी दीर्घा के अलावा सेना के कैंप लगेंगे, वहीं मैदान को समतल करने के अलावा वहां बहने वाले नाले को पैक करने के लिए दिन भर मशक्कत की जाती रही।
इसके लिए जेसीबी से नाले की मिट्टी पाटने के साथ ही वहां नए सिरे से पाइपलाइन डालने का काम किया जा रहा है। किले के आसपास के पेड़ों की डालियां काटने का भी सिलसिला तेज हो गया है, ताकि मिग, मिराज और राफेल के अलावा तेजस जैसे फाइटर प्लेन के उड़ान भरने के दौरान दर्शक दीर्घा में बैठे अतिथियों और आम लोगों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। दोपहर बाद सेना के हेलिकॉप्टरों के अलावा लड़ाकू विमानों ने संगम के आसमान पर चक्कर काटना शुरू कर दिया। कई लड़ाकू विमान संगम के आसमान से होकर गुजरते देखे गए।
दर्शक दीर्घा के लिए बैरिकेडिंग शुरू
एयर शो के लिए मंच स्थल के अलावा दर्शक दीर्घा के लिए बैरिकेडिंग भी शनिवार को शुरू हो गई। बड़े हनुमान मंदिर के सामने ड्रिलिंग के साथ ही बांस-बल्लियों का घेरा बनाने का काम शुरू हो गया। साथ ही किले के सामने वाले मैदान को समतल करने के साथ ही वहां रोड़े हटाए जाते रहे, ताकि मंचस्थल और दीर्घा का निर्माण कराया जा सके। ब्यूरो
वायुसेना के अफसरों ने लिया तैयारियों का जायजा
वायुसेना के अफसरों ने शनिवार की दोपहर तैयारियों का जायजा लिया। सेना के जवानों की तीन टुकड़ियों ने किले से लगे क्षेत्र में मार्च भी किया। किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों को परखा गया, ताकि किसी तरह की कमी न रहने पाए।