UP : दिवाली के पहले आसमान छूने लगा हवाई किराया, 23 हजार से ज्यादा हुआ मुंबई, बंगलूरू से प्रयागराज का किराया
खास बात यह है कि पर्व मनाने के बाद की तिथियों में भी प्रयागराज से इन विमानों का किराया आसमान छू रहा है। दिवाली के बाद पहले शनिवार और रविवार (18 व 19 नवंबर) को मुंबई के लिए किराया 23 हजार 461 रुपये हो गया है।
विस्तार
एक निजी कंपनी में काम करने वाले संगमनरी के हिम्मतगंज निवासी उत्कर्ष को दिवाली के मौके पर बंगलूरू से प्रयागराज आना है, लेकिन उसे प्रयागराज में आने वाली किसी भी ट्रेन में कंफर्म बर्थ नहीं मिल रही है। उत्कर्ष ने विमान से आने की सोची, लेकिन पर्व के पूर्व बंगलुरू से प्रयागराज का किराया 10 और 11 नवंबर को 23 हजार से ज्यादा का हो गया है।
कमोवेश यही स्थिति पुणे की एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाले अभिषेक ओझा की भी रही। ट्रेन में कंफर्म बर्थ न मिलने की वजह से अभिषेक ने विमान से आने का कार्यक्रम बनाया है, लेकिन मुंबई से किराया 22 हजार से ज्यादा होने की वजह से उन्हें समझ में ही नहीं आ रहा है कि इतनी महंगी टिकट बुक कराई जाए या नहीं।
दिवाली के पहले विभिन्न शहरों से प्रयागराज आने वाली तमाम फ्लाइटों के बढ़े किराये ने उत्कर्ष, अभिषेक जैसे तमाम लोगाें को परेशान कर रखा है। पर्व के पूर्व दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, पुणे से आने वाली फ्लाइट का किराया दो से तीन गुना बढ़ गया है। दिवाली इस बार रविवार 12 नवंबर की है। पर्व के पहले ही प्रयागराज आने वाले तमाम विमानों का किराया बढ़ गया है।
इस वजह से उन लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है, जिनका ट्रेनों में भी रिजर्वेशन नहीं है। पुणे से प्रयागराज आने वाले विमान की बात करें तो नौ नवंबर को किराया 16 हजार 443 रुपये हो गया है। सप्ताह में तीन दिन संचालित इस विमान का किराया पांच नवंबर से ही बढ़ा हुआ दर्शाया जा रहा है।
इसी तरह मुंबई-प्रयागराज विमान का नौ से 11 नवंबर तक किराया 22 हजार 877 रुपये हो गया है। बंगलुरू-प्रयागराज उड़ान का किराया उक्त अवधि में 23 हजार 181 रुपये हो गया है, जबकि पर्व के दिन यानी 12 नवंबर को किराया 18 हजार 059 रुपये है। दिल्ली से भी प्रयागराज का किराया नौ से 11 नवंबर की अवधि में 18 हजार 763 रुपये कई वेबसाइट पर दर्शाया जा रहा है। पर्व के पूर्व भोपाल, भुवनेश्वर, देहरादून से भी आने वाली फ्लाइट का किराया दस हजार से कम नहीं है।
खास बात यह है कि पर्व मनाने के बाद की तिथियों में भी प्रयागराज से इन विमानों का किराया आसमान छू रहा है। दिवाली के बाद पहले शनिवार और रविवार (18 व 19 नवंबर) को मुंबई के लिए किराया 23 हजार 461 रुपये हो गया है। इसी तरह प्रयागराज से बंगलूरू का किराया 15 से 19 नवंबर तक 23 हजार 300 रुपये पहुंच गया है।
विभिन्न शहरों से आने वाली फ्लाइट किराया
शहर का नाम 09 नवंबर 10 नवंबर 11 नवंबर 12 नवंबर
मुंबई 22877 22877 22877 14436
दिल्ली 18763 18763 18763 15195
बंगलूरू 23181 23181 23181 18059
देहरादून 11533 11533 11533 3841
नोट...किराया घट या बढ़ भी सकता है