Prayagraj : बंदी की मौत के बाद परिजनों ने एसओ की बर्खास्तगी को लेकर डीसीपी को सौंपा पत्र
बंदी इंद्रजीत यादव के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद बृहस्पतिवार को शाम करीब 6:30 बजे परिजन शव को लेकर घर पहुंचे। बंदी की मौत से लोगों में आक्रोश को देखते हुए गांव व घर के चारों तरफ सुरक्षा कर्मियों को लगा दिया गया था।
विस्तार
सरायममरेज थाना क्षेत्र के बंदीपट्टी निवासी बंदी इंद्रजीत यादव की मौत के बाद परिजन घटना की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की अपनी मांगों को लेकर पूरी रात अड़े रहे। गंगा नगर डीसीपी व तहसीलदार समेत कई अधिकारियों ने मान- मनौव्वल की। करीब पांच घंटे बाद घटना की जांच के आश्वासन पर परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए।
बंदी इंद्रजीत यादव के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद बृहस्पतिवार को शाम करीब 6:30 बजे परिजन शव को लेकर घर पहुंचे। बंदी की मौत से लोगों में आक्रोश को देखते हुए गांव व घर के चारों तरफ सुरक्षा कर्मियों को लगा दिया गया था। वहीं, घर पर शव पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। इस दौरान पीड़ित परिवार को ढांढस बांधने के लिए क्षेत्र से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। घर वाले डीएम और एसडीएम से बात करने की मांग कर रहे थे।
परिजनों को समझाने के लिए पहले क्षेत्र के एसीपी व आसपास के थानाें के एसओ व इंस्पेक्टर लगे हुए थे, लेकिन तीन घंटे तक जब बात नहीं बनी तो रात करीब 10 बजे गंगा नगर डीसीपी अभिषेक भारती व तहसीलदार आकांक्षा राणा परिजनों को समझाने के लिए पहुंची। करीब पांच घंटे बाद परिजनों ने अपने छह मांगों को लेकर जिलाधिकारी के नाम तहसीलदार व डीसीपी को पत्र सौंपा। मांगों को पूरा करने के आश्वासन पर परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए। उसके बाद शुक्रवार सुबह करीब छह बजे परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों की मांगें
1. इंद्रजीत के हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई किया जाए।
2. मृतक की पत्नी को शासन की तरफ से मिलने वाली सभी सहायता जैसे- भूमि पट्टा, आवास, पेंशन, बच्चों की पढ़ाई व तत्काल आर्थिक मदद दी जाए।
3. विवादित जमीन का सीमांकन कराकर विधिक कार्यवाही की जाए।
4. सरायममरेज थाना अध्यक्ष के विरुद्ध एफआईआर लिखकर कर निलंबन किया जाए।
5. विपक्षियों द्वारा उनके परिवार के अन्य लोगाें पर कराए गए मुकदमे को वापस लिया जाए।
6. तहसीलदार हंडिया की ओर से मृतक के पत्नी राधा देवी के नाम 10 बिस्वा जमीन पट्टा किया जाए।