होली मनाने के बाद अब वापस लौटना मुश्किल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
होली मनाने के बाद लौटती भीड़ के चलते रविवार 27 मार्च को ट्रेनों में इस सीजन की सर्वाधिक भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। रूट चाहे दिल्ली का हो या फिर मुंबई का। सभी रूटों की प्रमुख ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा हो गई है। कुछ में नो रूम की स्थिति है। लोगों को अब कन्फर्म टिकट का इंतजार है, लेकिन उनका यह इंतजार लंबा हो सकता है। क्योंकि अधिकांश ट्रेनों में अगले कई दिनों तक यात्रियों को कन्फर्र्म बर्थ उपलब्ध नहीं होने वाली है। इलाहाबाद में बुधवार एवं बृहस्पतिवार को लोगों ने होली खेली। इसके बाद शुक्रवार को गुड फ्राइडे का अवकाश है। शनिवार को भी बैंक एवं केंद्रीय कार्यालयों में छुट्टी है। इस वजह से अधिकांश लोग रविवार को ही अपनी वापसी की राह पकड़ेंगे।
होली मनाने के बाद रविवार 27 मार्च को इस सीजन की सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। शायद इसी वजह से इलाहाबाद से नई दिल्ली जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची हो गई है। 12417 प्रयागराज एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन के स्लीपर श्रेणी में 27 मार्च को प्रतीक्षा सूची 700 के पार पहुंच गई है। इसकेे पहले शनिवार को भी प्रयागराज में प्रतीक्षा सूची 582 तक पहुंच गई है। कमोवेश यही स्थिति नई दिल्ली जाने वाली 12275 दुरंतो एक्सप्रेस की भी है। दुरंतो में 27 को स्लीपर में 310 एवं थर्ड एसी में प्रतीक्षा सूची 272 तक पहुंच गई है। यही हाल 12427 रीवा एक्सप्रेस के साथ ही 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, 14055 ब्रह्मपुत्र मेल, 12559 शिवगंगा आदि ट्रेनों की भी है। इन सभी ट्रेनों में अगले कई दिन तक यात्रियों को कंफर्म बर्थ नसीब नहीं होने वाली। दिल्ली रूट पर रेलवे ने डुप्लीकेट प्रयागराज एक्सप्रेस चलाने का ऐलान अभी कुछ दिन पूर्व किया था, लेकिन इसमें भी लंबी प्रतीक्षा सूची हो गई है।
होली बाद मुुंबई रूट की तरफ जाने वाली ट्रेनें भी यात्रियों से ठसाठस हैं। इलाहाबाद के रास्ते मुंबई जाने वाली 12321 मुंबई मेल में 25 से 27 मार्च तक स्लीपर श्रेणी में प्रतीक्षा सूची क्रमश: 102, 96 एवं 108 हो गई है। 11094 महानगरी एक्सप्रेस में भी मुंबई के लिए प्रतीक्षा सूची काफी लंबी हो गई है। इलाहाबाद से लोकमान्य तिलक जाने वाली 12294 मुंबई दुरंतो के थर्ड एसी में 26 को प्रतीक्षा सूची 211 एवं 29 मार्च को 98 हो गई है। यहीं हाल 11070 तुलसी एक्सप्रेस, 11072 कामायनी एक्सप्रेस, 15018 काशी एक्सप्रेस आदि ट्रेनों का भी है। आमतौर पर मेरठ जाने वाली 14511 नौचंदी एक्सप्रेस में दिल्ली रूट की प्रमुख ट्रेनों के मुकाबले भीड़ कम रहती है, लेकिन इस सप्ताह इस ट्रेन में लंबी प्रतीक्षा सूची है। नौचंदी के स्लीपर में 26 एवं 27 को नो रूम हो गया है। इसी तरह मेरठ जाने वाली 14163 संगम एक्सप्रेस के स्लीपर श्रेणी में 26 एवं 27 मार्च को प्रतीक्षा सूची 100 के ऊपर है। पुणे, जयपुर, अहमदाबाद, जम्मू और चेन्नई रूट की भी ट्रेनें यात्रियों से पूरी तरह ठसाठस हैं।
ट्रेनों में जगह न मिल पाने की वजह से यात्रियों के पास अब रेलवे की ‘तत्काल’ सेवा का ही विकल्प बचा है। हालांकि इस सेवा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को सुबह सवेरे ही लाइन में लगना पड़ेगा। क्योंकि ‘तत्काल’ सेवा का टिकट संबंधित ट्रेन छूटने के एक दिन पहले ही उपलब्ध होता है। इसके लिए लोग सुबह ही लाइन लगा लेते हैं। ऐसे मेें चंद लोगों को ही इस सेवा का लाभ मिल सकता है।