Prayagraj: वाराणसी से आए अधिवक्ता होटल के कमरे में मृत मिले, अंदर से बंद था दरवाजा
सिविल लाइंस में कूपर रोड पर स्थित होटल में वाराणसी से आए अधिवक्ता विजय कुमार मिश्र (40) शुक्रवार को संदिग्ध हाल में मृत पड़े मिले। फोन न उठाने पर पत्नी के जानकारी देने पर कर्मचारी पहुंचे तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। शाम को परिजनों के आने पर दरवाजा तोड़ा गया तो उनका शव फर्श पर पड़ा था।
विस्तार
सिविल लाइंस में कूपर रोड पर स्थित होटल में वाराणसी से आए अधिवक्ता विजय कुमार मिश्र (40) शुक्रवार को संदिग्ध हाल में मृत पड़े मिले। फोन न उठाने पर पत्नी के जानकारी देने पर कर्मचारी पहुंचे तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। शाम को परिजनों के आने पर दरवाजा तोड़ा गया तो उनका शव फर्श पर पड़ा मिला।
विजय पुत्र शिवसहाय मिश्र वाराणसी के गंगोत्री नगर, सिद्धिदात्री कॉलोनी शिवपुर के रहने वाले थे। बृहस्पतिवार शाम 4:50 मिनट पर सिविल लाइंस में कूपर रोड स्थित होटल रामकृष्ण में पहुंचे। यहां बताया कि वह हाईकोर्ट के काम से आए हैं और रात में ठहरेंगे। इसके बाद वह कमरे में चले गए।
होटल कर्मचारियों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 10 बजे के करीब उनकी पत्नी का फोन आया। उन्होंने बताया कि उनके पति फोन नहीं रिसीव कर रहे हैं। इस पर कर्मचारी पहुंचे तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो सिविल लाइंस चौकी में सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। परिजनों को बताया गया तो उन्होंने कहा कि उनके आने तक दरवाजा न खोला जाए। शाम चार बजे के करीब परिजन पहुंचे तो वीडियो रिकॉर्डिंग के बीच दरवाजा तोड़ा गया। इस दौरान अधिवक्ता फर्श पर मृत पड़े मिले। जांच पड़ताल के बाद शव मर्चरी भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में परिजनों ने बताया कि रात में फोन पर बात होने पर अधिवक्ता ने होटल का नाम व पता बताया था। सुबह कई बार फोन करने के बावजूद कॉल न रिसीव होने पर पत्नी ने इंटरनेट से नंबर खोजकर होटल में फोन किया।
एसीपी सिविल लाइंस श्यामजीत प्रमिला सिंह ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल सकेगा। प्रयास किया जा रहा है कि पोस्टमार्टम रात में ही कराया जाए। मृतक के शरीर पर किसी तरह के जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले हैं।