खुलासा : माफिया अतीक के करीबी ने नौ साल में राइस मिल की जगह खड़ा किया इंजीनियरिंग कॉलेज
करेली निवासी इम्तियाज अहमद उर्फ इम्तियाज चावल से एक दिन पहले टास्क फोर्स ने छह घंटे तक पूछताछ की थी। उससे अतीक की बेनामी संपत्तियों के संबंध में जानकारी ली गई। सूत्रों के मुताबिक, टास्क फोर्स को पता चला है कि 1991 में इम्तियाज ने हरियाणा के करनाल में एक राइस मिल खोली थी।
विस्तार
माफिया अतीक अहमद के करीबी कारोबारी इम्तियाज चावल के बारे में पुलिस की टास्क फोर्स को बेहद चौंकाने वाली जानकारी मिली है। पता चला है कि महज नौ वर्षों में राइस मिल चलाने वाला यह शख्स करोड़ों के इंजीनियरिंग कॉलेज का मालिक बन बैठा। करनाल में स्थित इस कॉलेज के चार हिस्सेदारों में वह भी शामिल था। उसे संबंधित दस्तावेजों के साथ तलब किया गया है।
करेली निवासी इम्तियाज अहमद उर्फ इम्तियाज चावल से एक दिन पहले टास्क फोर्स ने छह घंटे तक पूछताछ की थी। उससे अतीक की बेनामी संपत्तियों के संबंध में जानकारी ली गई। सूत्रों के मुताबिक, टास्क फोर्स को पता चला है कि 1991 में इम्तियाज ने हरियाणा के करनाल में एक राइस मिल खोली थी। नौ वर्षों में उसने अकूत दौलत कमाई। 2001 में इसी राइस मिल की जगह उसने एक इंजीनियरिंग कॉलेज खोल दिया। इसमें उसके साथ ही तीन अन्य लोग पार्टनर थे। हालांकि, बाद में पार्टनरों में विवाद होने पर वह अलग हो गया।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस को इम्तियाज से अतीक के संबंध होने के इनपुट मिले हैं। ऐसे में शक यह भी है कि अतीक ने अपनी काली कमाई खपाने के लिए उसका सहारा तो नहीं लिया। इसी के बाबत चल रही जांच के क्रम में उसे पूछताछ के लिए उठाया गया। सूत्रों का यह भी कहना है कि इम्तियाज को उसकी संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों के साथ तलब किया गया है। दस्तावेजों के साथ आने पर उससे दोबारा पूछताछ की जाएगी।
तीन मुकदमे हैं दर्ज
इम्तियाज पर कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से एक हत्या तो दो मुकदमे बलवा व मारपीट से संबंधित हैं। इनमें से दो मुकदमे सिविल लाइंस, जबकि एक मुकदमा करेली थाने में दर्ज है। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में उसने दावा किया है कि हत्या के मामले में उसे बरी किया जा चुका है। उसके मुकदमों में हुई कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी जुटाने का काम चल रहा है।