MNNIT : एमएनएनआईटी के 20वें दीक्षांत समारोह में 60 को मिलेंगे गोल्ड मेडल, एन नारायण मूर्ति होंगे मुख्य अतिथि
एमएनएनआईटी के एमपी हाॅल में 18 अगस्त की शाम चार बजे से कार्यक्रम शुरु हो जाएगा। शाम को 5:20 बजे मुख्य अतिथि का संबोधन होगा। इसमें बोर्ड ऑफ गवर्नस के अध्यक्ष डाॅ. विवेक लाल ऑनलाइन शामिल होंगे।
विस्तार
मोतीलाल नेहरु राष्ट्रीय प्राैद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) का 20वां दीक्षांत समारोह रविवार को होगा। इसके लिए तैयारियां जोर-शोर से हो रही हैं। उपाधि पाने वालों का शुक्रवार से पंजीकरण शुरू हो गया है। इस बार संस्थान के 60 मेधावियों को गोल्ड मेडल से दिया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंफोसिस के सह-संस्थापक और मानद अध्यक्ष डाॅ. एनआर नारायण मूर्ति होंगे।
एमएनएनआईटी के एमपी हाॅल में 18 अगस्त की शाम चार बजे से कार्यक्रम शुरु हो जाएगा। शाम को 5:20 बजे मुख्य अतिथि का संबोधन होगा। इसमें बोर्ड ऑफ गवर्नस के अध्यक्ष डाॅ. विवेक लाल ऑनलाइन शामिल होंगे। मुख्य कार्यक्रम का समापन छह बजे होगा। उसके बाद सात बजे से डिग्री और मेडल का वितरण शुरू होगा। यह कार्यक्रम रात 10:30 बजे तक चलेगा। दीक्षांत समारोह के लिए एमपी हाल में 16 अगस्त की शाम तीन बजे से 17 अगस्त की सुबह 11 बजे तक पंजीकरण होगा। शनिवार की शाम को तीन बजे से डिग्री और मेडल पाने वालों का रिहर्सल होगा। डिग्री वितरण एमपी हाॅल और सेमिनार हाल में होगा।
निदेशक प्रोफेसर आरएस वर्मा ने बताया कि उपाधि पाने वालों के लिए ड्रेस कोड निर्धारित कर दिया गया है। छात्रों को फुल आस्तीन का सफेद सादा कुर्ता और पायजामा पहनकर आना होगा। जूता काले रंग का होना चाहिए। लड़कियों को सलवार कमीज या साड़ी पहनकर आना होगा। कार्यक्रम में इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति संगीता श्रीवास्तव, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी के कुलपति प्रो. आनंद के त्यागी भी शामिल होंगे।
कितनों को मिलेगी उपाधि
समारोह में 1670 छात्र-छात्राओं को उपाधि दी जाएगी। इसमें 985 बीटेक, 414 एमटेक, 104 एमसीए, 29 एमबीए, 27 एमएससी और 111 शोध छात्र-छात्रा हैं। यह पूर्वोत्तर भारत, जम्मू-कश्मीर समेत लगभग सभी राज्यों के हैं। इसमें 334 छात्राएं हैं। निदेशक ने बताया कि डासा के माध्यम से एमएनएनआईटी में प्रवेश पाए 59 विदेशी छात्र (52 पुरुष और सात महिला) और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के माध्यम से प्रवेश पाए 15 छात्र (14 पुरुष और एक महिला) भी इस अवसर पर उपाधि पाएंगे।
इनको मिलेगा स्वर्ण पद
संस्थान के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक दिया जाएगा। स्नातकोत्तर छात्रों को 34 स्वर्ण पदक और स्नातक छात्रों को 13 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त संकाय सदस्यों, पुरा-छात्रों और उद्योग जगत के 13 प्रायोजित स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। सर्वश्रेष्ठ छात्र के रूप में समग्र संस्थान स्वर्ण पदक से इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग के ओम विजय गुप्ता को सम्मानित किया जाएगा। वह बीटेक 2023 बैच के अंतिम वर्ष के छात्र हैं। उन्हें चार स्वर्ण पदक दिया जाएगा। वर्षवार स्वर्ण पदक श्रेणी में तृतीय वर्ष के लिए सिविल इंजीनियरिंग के ऋषभ गुप्ता को, द्वितीय वर्ष के लिए कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग के वैभव कंसल और प्रथम वर्ष के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के अविरल मिश्रा को स्वर्ग पदक दिया जाएगा।
संस्थान के 92.3 प्रतिशत छात्र-छात्राओं का प्लेसमेंट
निदेशक ने बताया कि संस्थान 92.3 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को प्लेसमेंट मिला है। इसमें बीटेक, एमटेक, एमबीए, एमएससी और एमसीए को क्रमश: उच्चतम पैकेज 1.35 करोड़, 33.85 लाख, 13.58 लाख, 20.8 लाख और 44 लाख था। वहीं इनका औसत पैकेज क्रमशः 20.34 लाख, 11.9 लाख, 18.68 लाख, 29.97 लाख और 14.28 लाख था। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में संस्थान ने बीटेक में दो नए कार्यक्रम इंजीनियरिंग एवं कम्प्यूटेशनल मैकेनिक्स और मैटेरियल्स इंजीनियरिंग की शुरुआत की है। वहीं शिक्षा और उद्योग के बीच तालमेल बेहतर करने के लिए पिछले दीक्षांत समारोह के बाद से शैक्षणिक संस्थानों और उद्योग से 16 मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इससे शैक्षणिक सहयोग को आगे बढ़ाया जा सकेगा।