प्रयागराज : पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी दीपक सिंह गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से जख्मी
बीते दिनों करछना इलाके में बदमाशों ने मंगला प्रसाद की निर्मम हत्या कर दी थी। इस मामले में कई शातिर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा करछना थाने में पंजीकृत किया गया था। नामजद समेत कई आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एसओजी यमुनापार और करछना पुलिस ने संविदाकर्मी मंगला पांडेय हत्याकांड के मुख्य आरोपी दीपक सिंह उर्फ राहुल को मुठभेड़ में घायल कर दिया। पुलिस के मुताबिक दीपक ने गोलियां चलाईं। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई। प्रतापगढ़ के रहने वाले शातिर अपराधी दीपक फतेहगढ़ जेल में बंद राजा पांडेय का साथी है।
करछना में 16 मार्च को बीआरसी कौंधियारा के संविदाकर्मी मंगला प्रसाद पांडेय की नृशंस हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को जेल भेज दिया था। फतेहगढ़ जेल में बंद राजा पांडेय ने साजिश रचते हुए मंगला की हत्या कराई थी। हत्याकांड का मुख्य आरोपी दीपक सिंह उर्फ राहुल और उसके चार साथी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े थे।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घेर लिया गांव
बुधवार की रात दीपक के खाई गांव में होने की सूचना पर एसओजी यमुनापार और करछना पुलिस ने गांव में घेरेबंदी की। पुलिस के मुताबिक दीपक ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में दीपक के पैर में गोली लग गई। सूचना मिलते ही एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंच गए।
एसपी यमुनापार के मुताबिक जिस गिरोह ने मंगला की हत्या की थी, दीपक सिंह उसका सरगना है। घटना के बाद से ही उसकी खोजबीन की जा रही थी। फतेहगढ़ जेल में बंद राजा पांडेय ने दीपक सिंह के द्वारा ही पूरी साजिश रची थी। दीपक के पास से तमंचा बरामद किया गया है।
लालगंज का रहने वाला है दीपक, पांच मुकदमे हैं दर्ज
मुठभेड़ में घायल अपराधी दीपक सिंह प्रतापगढ़ के लालगंज इलाके का रहने वाला है। उसके खिलाफ प्रतापगढ़ में चार और प्रयागराज में एक मुकदमा दर्ज है। दीपक जरायम की दुनिया में आने के बाद राजा पांडेय के संपर्क में आया और उसके खिलाफ वसूली और हत्या की घटनाओं को अंजाम देने लगा। राजा पांडेय ने मंगला की हत्या का पूरा ठेका दीपक को दिया था।