Aligarh News: जन्मदिन की पार्टी में बुलाकर ले गए युवक को पीटा, मौत, मुकदमा दर्ज
जसवीर उर्फ कालू को आरोपी जन्मदिन की पार्टी में ले गए। किसी बात को लेकर जसवरी की जमकर पिटाई की, उसकी गर्दन को दबाया, जिससे उसके शरीर में घातक अंदरूनी चोट आईं, जिसमें उसकी मौत हो गई।
विस्तार
टप्पल थाना क्षेत्र के गांव बाजौता में 24 मई रात जन्मदिन की पार्टी में घर से बुलाकर ले जाए गए युवक को पीट दिया गया। जिससे उसकी मौत हो गई। 25 मई सुबह उसका शव घर की छत पर चारपाई पर मिला। खबर पर हरकत में आई पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने पिटाई और गला दबाकर हत्या आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव बाजौता निवासी रंजीत सिंह ने थाना पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 24 मई की रात करीब 8:30 बजे गांव के दो युवक सुनील व धर्मेंद्र उर्फ धरमू उसके बेटे जसवीर उर्फ कालू (20) को घर से बुलाकर ले गए थे। इस दौरान रास्ते में मिले मेरे भाई वीरेंद्र ने सुनील और धरमू से जसवीर को ले जाने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि सुनील के तीन साल के बेटे की जन्मदिन की पार्टी उसके घर पर है, वहीं जा रहे हैं।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि जन्मदिन की पार्टी के दौरान गांव निवासी तीन भाई ओमवीर उर्फ गमीरा, कालू, सुनील, गुड्डू, दो अन्य भाई धर्मेंद्र उर्फ धरमु व कृष्ण एवं सुनील के जीजा हरीशचंद्र निवासी धतीर जिला पलवल (हरियाणा) ने जसवीर के साथ किसी बात को लेकर जमकर पिटाई की, उसकी गर्दन को दबाया, जिसमें उसके शरीर में घातक अंदरूनी चोट आईं, जिसमें उसकी मौत हो गई। इधर, पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण हृदयाघात होना आया है। हालांकि शरीर पर मारपीट से खरोंच के निशान जरूर पाए गए हैं।
इस सूचना पर पुलिस व फॉरेन्सिक टीम ने साक्ष्य संकलन किए। प्रथम दृष्टया जांच में पाया गया कि जसवीर बीती रात गांव में जन्मदिन की पार्टी में गया था, जहां उसके साथ चार-पांच लोगों द्वारा मारपीट की गई। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व पुलिस द्वारा एकत्रित तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।-वरुण कुमार, सीओ खैर
परिजन घेर में सोने के लिए गए थे
25 मई सुबह परिजन जागकर घेर से घर पहुंचे तो घर की ऊपरी मंजिल पर जसवीर का शव निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा मिला, जिसके बाद घटना की जानकारी से ग्रामीणों को अवगत कराते हुए थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। फॉरेन्सिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्रामीणोंं का आरोप दोबारा घर आकर पीटने से हुई मौत
दूसरी ओर ग्रामीणों और अन्य परिजनों का कहना है कि जन्मदिन की पार्टी में पिटाई के बाद जसवीर अपने घर की छत पर आकर सो गया। आरोप है कि घटना के बाद पुन: उक्त सभी लोग जसवीर की छत पर चढक़र आ गए और फिर उसे बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह जसवीर की छत की दीवार के सहारे सीढिय़ां लगी हुई भी मिली थीं।
अविवाहित था जसवीर, शाम को हुई अंत्येष्टि
जसवीर अविवाहित था और दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई ज्ञानेंद्र दिल्ली में नौकरी करता हैं। जसवीर की जन्मदिन की पार्टी में किस बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके कारण उसकी पिटाई की गई थी, इस बारे में कोई कारण निकल कर सामने नहीं आ रहा है। रविवार की रात शव पोस्टमार्टम के बाद गांव आने पर अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अपराध निरीक्षक जुगेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार आरोपित लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।