कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को लागू की गई साप्ताहिक बंदी का असर बाजारों में तो दिखा। मगर, गली-मोहल्लों में दुकानदार दुकानों को खोलकर बैठे रहे। पुलिस व मजिस्ट्रेटों ने भी मुख्य बाजारों का भ्रमण किया। कई दुकानों को बाहर बेवजह बैठे लोगों को भगाया गया। वहीं, शहर के मुख्य चौराहों पर भी पुलिस की मुस्तैदी रही।
पुलिस ने बेवजह आने-जाने वाले और बिना मास्क लगाए घूम रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की। इसके चलते दोपहर के समय शहर की सड़कें पूरी तरह से सूनी नजर आईं। इस साप्ताहिक बंदी में मुख्य बात यह रही कि अब तक साप्ताहिक बंदी के दौरान ब्रांडेड आउटलेट्स और रेस्टोरेंट, ढाबे खुले रहते थे। मगर, इनको भी प्रशासन की सख्ती के चलते बंदी का पालन करना पड़ा। सिर्फ रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के पास जनता का आवागमन जारी रहा। वहीं, इन दोनों स्थलों के पास कुछेक दुकानें भी खुलीं रहीं।