नगर पंचायत से बरौली-अलीगढ़ रोड को जोड़ने वाली लिंक सड़क तीन साल से बदहाल है। करीब तीन किलोमीटर लंबी यह सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। हल्की बारिश में ही गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों को निकलने में परेशानी होती है।
इस सड़क से सुमेरा, फरीदपुर, सुनाना, खुर्दरियापुर, दरियापुर और माधौगढ़ सहित आधा दर्जन गांव जुड़े हैं। ग्रामीण इसी मार्ग से अलीगढ़ और जवां बाजार आते-जाते हैं, जबकि स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। बारिश के दौरान फिसलन के कारण बच्चों के गिरने की घटनाएं भी सामने आती हैं। ग्राम प्रधान शंकरपाल के अनुसार सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के समय केवल आश्वासन दिया जाता है।