अलीगढ़: ट्रक की टक्कर से शिक्षक की मौत, खबर सुनते ही बेहोश हुई होने वाली दुल्हन, शादी वाले घर में मातम
किरनवीर की 25 जनवरी को शादी होनी थी। बाइक से कॉलेज जाते समय ट्रक ने टक्कर मार दी। शिक्षक करनवीर की हादसे में मौत हो गई। जिस लड़की से शादी होनी थी, उसे जैसे ही मौत की खबर मिली वह बेहोश होकर गिर पड़ी। परिवार में कोहराम मच गया।
विस्तार
अलीगढ़ के कमालपुर रोड पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक किरनवीर (26) की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया।
एटा के गांव ढीमरी निवासी संजय सिंह के बेटे किरनवीर गांधीपार्क क्षेत्र के सिंधौली में रहते थे। वह आगरा रोड स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कंप्यूटर शिक्षक थे। शुक्रवार सुबह वह बाइक से कॉलेज जा रहे थे। कमालपुर रोड पर भदेसी गांव के पास सामने से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोग उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची गांधीपार्क पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन उसे लेकर एटा स्थित अपने गांव रवाना हो गए।
सेहरा सजने से पहले उठी अर्थी
किरनवीर की सगाई हो चुकी थी। 25 जनवरी को कासगंज से उनकी शादी होनी थी। परिवार में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। दो भाइयों में किरनवीर बड़े थे। छोटा भाई आदित्य एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारी भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। अपने साथी शिक्षक को खोने से वे भी स्तब्ध हैं। सीओ द्वितीय धनंजय कुमार के अनुसार, तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
खबर सुनते ही बेहोश हुई होने वाली दुल्हन, शादी वाले घर में मातम
अलीगढ़ में भदेसी के पास सड़क हादसे में शिक्षक किरनवीर की मौत की खबर ने सिर्फ उनके घर ही नहीं, बल्कि कासगंज में उस परिवार को भी गहरे सदमे में डाल दिया, जहां कुछ ही समय बाद शहनाई गूंजने वाली थी। मौत की खबर सुनते ही होने वाली दुल्हन बेसुध होकर गिर पड़ी। किरनवीर की शादी 25 जनवरी को तय थी। दोनों परिवारों में विवाह की तैयारियां चल रही थीं और घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन शुक्रवार को हादसे की खबर पहुंचते ही सारी खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर में बेटी की शादी को लेकर उत्साह और तैयारियां थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और गम का माहौल छा गया।
साथियों से करते थे शादी की चर्चा
किरनवीर की जिंदगी में इन दिनों शादी की तैयारियों को लेकर खास उत्साह था। कॉलेज में अपने साथी शिक्षकों और दोस्तों से अक्सर शादी की चर्चा करते थे। 25 जनवरी को कासगंज से शादी होनी थी। साथी शिक्षकों को भी उनकी शादी का इंतजार था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ दिनों बाद जिस दोस्त की शादी में शामिल होने की बातें हो रही थीं, उसकी मौत की खबर सुननी पड़ेगी। हादसे की सूचना कॉलेज पहुंची तो शिक्षक और कर्मचारी स्तब्ध रह गए।
