छात्रा की दुष्कर्म के बाद गला रेतकर हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलीगढ़। महानगर के आगरा रोड स्थित गांव नगला मंदिर में शनिवार शाम एक पड़ोसी रिश्ते के मामा ने 13 वर्षीय छात्रा की दुष्कर्म के बाद गला रेतकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी मां के साथ लाश को बेड के नीचे छिपाकर गायब हो गया। कुछ घंटे बाद जब आरोपी के मकान के जंगले से खून की गंध बाहर आई तो लोगों को शक हुआ। तब दरवाजा तोड़कर देखा गया तो बेड के नीचे नंगी लाश पड़ी थी और एक बाल्टी व पारात में खून भरा पड़ा था।
खबर पर दौड़ी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी के प्रति ग्रामीणों में आक्रोश है।
आगरा रोड बाईपास पर बसे दलित आबादी वाले गांव नगला मंदिर में एक दलित परिवार मजदूरी करता है। घर में माता-पिता व बड़े बेटे के अलावा छोटी बेटी जो गांव के ही स्कूल में छठवीं क्लास में पढ़ती थी। इनके पड़ोसी मकान में एक रिश्तेदार भी रहता है।
करीब 30 वर्षीय विवाहित रिश्तेदार की पत्नी विवाद के चलते मायके में रह रही है। यहां आरोपी व उसकी बुजुर्ग मां रहती है। वाकया शाम करीब 4 बजे का है, जब आरोपी ने अपनी पड़ोसन किशोरी को दुकान से कुछ सामान मंगाने के बहाने अपने घर बुलाया और उसके बाद अंदर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान विरोध व चीखने-चिल्लाने पर शिकायत के भय से धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। बाद में लाश को बेड के नीचे छिपाया और कमरे में बिखरे खून की पानी से सफाई करते हुए एक बाल्टी व परात में भरकर मां के साथ गायब हो गया।
करीब 7 बजे तक जब किशोरी घर नहीं लौटी और आरोपी का दरवाजा बाहर से बंद देखा तो कुछ शक हुआ। इसी बीच किशोरी के भाई को आरोपी के घर के जंगले से खून की गंध आई। बस इस पर दरवाजा तोड़कर देखा तो अंदर का नजारा देख सभी की आंखें फटी रह गईं। कुछ ही देर में खबर पूरे गांव में फैल गई और सूचना पर मडराक पुलिस, सीओ इगलास, एसपीआरए और बाद में एसएसपी जे रविंदर गौड़ भी पहुंच गए। आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।
मौके से पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से सभी साक्ष्य जुटाए। आरोपी पासू पुत्र लालाराम की तलाश के लिए उसकी रिश्तेदारियों और संभावित ठिकानों की जानकारी कर पुलिस ने दबिश देना भी शुरू कर दिया। एसपीआरए संसार सिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया दुष्कर्म होना प्रतीत हो रहा है। गला रेता गया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।