भारी नुकसान: 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली आंधी...गिरे पेड़, उखड़े पोल, बिजली लाइन टूटी
अलीगढ़ में शाम को करीब छह बजे अचानक मौसम बदल गया। पहले हल्की हवाएं चलीं और फिर आंधी चलने लगी। तेज आंधी से शहर में कई जगह बिजली के तार टूट गए। पोल भी गिर गए।
विस्तार
अलीगढ़ में 16 मई की शाम को 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया है। अलीगढ़ महानगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के पोल गिर गए। शहर में छह घंटे तक बिजली गुल रही। वहीं तेज हवाओं से आम भी गिर गया है।
सुबह को तेज धूप से हर कोई बेहाल था। आलम यह था कि गर्मी से लोग बेचैन हो रहे थे। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया। शहर के जिन मार्गों पर हर वक्त भारी भीड़ रहती है वहां सन्नाटा था। दोपहर की गर्मी तो परेशान कर रही थी। शाम को करीब छह बजे अचानक मौसम बदल गया। पहले हल्की हवाएं चलीं और फिर आंधी चलने लगी। 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने से शहर में कई जगह बिजली के तार टूट गए। पोल भी गिर गए।
शहर के देहली गेट, हाथरस अड्डा, खैर रोड, कयामपुर असदपुर, कुलदीप बिहार, जीटी रोड आदि स्थानों पर पेड़ की डाल गिरने से बिजली के तार टूट गए। यही नहीं गांधी पार्क बिजली घर क्षेत्र में एक 33 केवी बिजली लाइन का पोल गिर गया। जिसके कारण घंटों बिजली गुल रही। इसके अलावा लोधा, गंगीरी, अकराबाद, बेंसवा, अतरौली क्षेत्र में भी पोल व बिजली के तार क्षतिग्रस्त हुए।
शहर के इन स्थानों पर गुल रही बिजली
प्रतिभा कालोनी, स्वर्ण जयंती नगर, विक्रम कालोनी, मानिक चौक, दही वाली गली, मामू भांजा, गूलर रोड, शिवपुरी, धौर्रामाफी, रावणवटीला, सुरेंद्रनगर, मसूदाबाद, महावीर गंज, बाराहद्वारी, अशोक नगर, अनूप शहर रोड, सिकंदपुर छेरत, जीवनगढ़, केलानगर, दोधपुर, सिविल लाइन, मेडिकल रोड, सर सैय्यदनगर, सूर्य विहार कालोनी, उत्तम नगर, कालोनी, गांधीपार्क, दूबे पड़ाव, रेलवे रोड, कोयले वाली गली, शिशियापाड़ा, धोबीवाली गली, मेढू कंपाउंड, कृष्णापुरी मठिया, देवी नगला, कुलदीप बिहार, सारसौल, बरौला जाफराबाद, एकता नगर आदि क्षेत्रों की बिजली घंटों गुल रही।

आंधी के कारण गांधी पार्क क्षेत्र में बिजली का पोल गिरने से कई क्षेत्रों में बिजली की दिक्कत आई थी। जिसे दूसरे ट्रांसफार्मर से जोड़ कर सप्लाई चालू करा दी गई। उसके बाद टीम पोल को सही करने में जुट गई। अन्य स्थानों पर भी पेट्रोलिंग कर आपूर्ति बहाल कराई गई।- पीए मोंगा, एसई, बिजली निगम