सासनी गेट क्षेत्र के पला साहिबाबाद (अवतार नगर) इलाके में सोमवार शाम बाइक टकराने के बहाने पुरानी रंजिश में हुई सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश सचिव व सपा के पूर्व जिला सचिव पूरनमल प्रजापति के बेटे सचिन की हत्या के बाद मंगलवार को सत्ताधारी पार्टी के विधायकों के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद जब शव को घर लाया जा रहा था तो दोपहर ढाई बजे हाथरस अड्डे पर शव को सड़क पर रखकर आगरा रोड पर जाम लगा दिया गया। गुस्साई भीड़ ने विधायक संजीव राजा मुर्दाबाद के नारे लगाए और आक्रोश व्यक्त किया। वहीं, इस हत्याकांड में पुलिस ने पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे में भाजपा नेता ईश्वर चंद उपाध्याय निवासी भगवान नगर के बेटे सुमित उपाध्याय उर्फ गोलू, सचिन उर्फ पाली, अमित सहित उनके साथी जितेंद्र कुमार, राहुल को नामजद व आधा दर्जन को अज्ञात में दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी पाली उर्फ सचिन की तलाश में जुटी है।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद सपा नेताओं, परिजनों और इलाके के लोगों ने दोपहर करीब ढाई बजे हाथरस अड्डे पर शव को रख आगरा-अलीगढ़ रोड जाम कर दिया। सपा नेता पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी सहित आरोपियों को फांसी देने की मांग पर अड़ गए। साथ ही आक्रोशित लोगों ने भाजपा विधायक संजीव राजा मुर्दाबाद के नारे लगाए और सांसदों के खिलाफ भी नारेबाजी की। आगरा रोड पर जाम, हंगामे और प्रदर्शन का दौर करीब एक घंटे तक चला। सूचना पर सासनी गेट, बन्नादेवी, देहली गेट से पुलिस बल जाम को खुलवाने पहुंचा। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह के आश्वासन पर परिजन माने। आश्वासन पर करीब चार बजे लोगों ने शव को वहां से हटाया। इधर, एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि मुकदमे में नामजद हत्यारोपियों के खिलाफ हत्या, रंगबाजी, चौथ मांगने जैसी 10 धाराओं में मुकदमा किया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को दबोचकर जेल भेज दिया जाएगा।