पंपों पर नहीं होगी लंबी कतार: जिले में खुलेंगे छह नए सीएनजी पंप, पाइप लाइन से 24 घंटे मिलेगी निर्बाध आपूर्ति
अलीगढ़ शहर में सितंबर 2025 से पाइप से पीएनजी गैस आपूर्ति करने की भी तैयारी है। इसके लिए लाइनों की टेस्टिंग चल रही है। 2.5 किलोमीटर की मेन पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है।
विस्तार
अलीगढ़ जिले के चार लाख सीएनजी वाहन चालकों के लिए खुशखबरी है। अगले तीन महीनों के भीतर शहर में छह नए सीएनजी पंप खोले जाएंगे। इन सभी पंपों को सीधे पाइपलाइन के जरिये सीएनजी की आपूर्ति होगी। इससे फिलिंग के दौरान गाड़ियों की लंबी कतारों और इंतजार की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
यह नए पंप हरदुआगंज, इंजीनियर कॉलेनी, एटा चुंगी, बौनेर और दो पंप गभाना में खुलेंगे। मौजूदा समय में त्योहार या अन्य किसी कारण से रूट डायवर्जन के चलते सीएनजी सिलिंडर ला रही गाड़ियों को जिले की सीमा के बाहर रोक दिया जाता है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अभी चार पंप शहरी क्षेत्र में और चार ग्रामीण क्षेत्र में हैं। इन पंपों को जिला बुलंदशहर के डिबाई स्थित इंडिया ऑयल अदाणी गैस मदर स्टेशन से आपूर्ति होती है। नए सीएनजी पंपों के खुलने से जिले में प्रदूषण कम करने और पर्यावरण-अनुकूल ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
शहर में बनेगा मदर स्टेशन
शहर में एक मदर स्टेशन भी स्थापित किया जा रहा है। मदर स्टेशन बनने के बाद पहले से संचालित हो रहे आठ सीएनजी स्टेशनों को भी बाहर से टैंकरों के माध्यम से सीएनजी मंगाने से मुक्ति मिल जाएगी।
पीएनजी लाइन भी सितंबर में होगी शुरू
शहर में सितंबर 2025 से पाइप से पीएनजी गैस आपूर्ति करने की भी तैयारी है। इसके लिए लाइनों की टेस्टिंग चल रही है। 2.5 किलोमीटर की मेन पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। इंडियन ऑयल-अदाणी गैस ने अब तक 3500 गैस कनेक्शन इंस्टॉल किए हैं।
अगले तीन महीनों में छह सीएनजी पंप शुरू होने वाले हैं। खास बात यह कि इनको पाइप लाइन से 24 घंटे आपूर्ति होगी। इससे पंपों पर लंबी लाइन नहीं लगेगी। अन्य पंपों को भी लाइनों से आपूर्ति देने की संभावनाओं पर विचार होगा। - आलोक कुमार गिरी, प्रोजेक्ट हेड, इंडियन ऑयल अदाणी गैस