क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के सासनी गेट के जयगंज इलाके के भाजयुमो नेता सौरभ शर्मा उर्फ सचिन की हत्याकांड में सासनी गेट पुलिस ने रविवार दोपहर को हत्यारोपी अभिषेक शर्मा उर्फ चंचल के साले को अतरौली से हिरासत में ले लिया। थाने पर लाकर उससे पूछताछ की। इधर, युवक को उठाने की सूचना पर अभिषेक के अन्य ससुराल वाले भी थाने पर पहुंच गए। उन्होंने विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि इस हत्याकांड से हमारे परिवार का कोई लेनादेना नहीं है तो पुलिस बेवजह पूछताछ के नाम पर क्यों परेशान कर रही है। इंस्पेक्टर ने जांच में सहयोग करने की अपील करते हुुए बमुश्किल हंगामा काट रहे लोग शांत किया। इंस्पेक्टर के अनुसार सौरभ और अभिषेक शर्मा के करीबी रिश्तेदारों ने पूछताछ की जा रही है। इसी क्रम में अभिषेक के साले को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। बता दें कि ताला कारोबारी चंद्रशेखर शर्मा के बेटे सौरभ शर्मा की 16 जून की रात को जयगंज स्थित फैक्टरी के सामने पंखे की रोड को सिर में मारकर हत्या की गई थी। इस मामले में मृतक सौरभ की पत्नी लीली पाठक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृत सौरभ के भाई अभिषेक शर्मा उर्फ चंचल, असीम शर्मा, पिता चंद्रेशखर शर्मा, रिश्ते के चाचा दुष्यंत शर्मा उर्फ काका और अभिषेक शर्मा के दोस्त डिम्पल सक्सेना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि पिता व भाई दोनों मिलकर उसके पति सौरभ शर्मा से संपत्ति के बंटवारे को लेकर लड़ाई करते थे। अभिषेक शर्मा हमारा फैक्ट्री वाला हिस्सा भी हड़पना चाहता था। रविवार की रात को सभी नामजद आरोपी एक राय होकर फैक्टरी पर पहुंचे। यहां पति के साथ हाथापाई करने के बाद उनके सिर में लोहे की रॉड मारकर हत्या कर दी।