Aligarh: नगर निगम की सरकारी जमीन खाली कराने पर बवाल, अतरौली एसडीएम की गाड़ी पर पथराव; सख्त कार्रवाई की तैयारी
टीम के जाने के बाद कुछ स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। टीम के वापस जाने के कुछ ही देर बाद, जब एसडीएम अतरौली की सरकारी गाड़ी असदपुर कयामपुर से गुजर रही थी, तो लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और उस पर जमकर पथराव कर दिया।
विस्तार
अलीगढ़ के थाना रोरावर क्षेत्र में 1730 वर्गमीटर सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई नगर निगम की टीम की कार्रवाई स्थानीय लोगों को नागवार गुजरी। टीम के लौटने के तुरंत बाद, गुस्साए लोगों ने पास से गुजर रहे अतरौली के उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) की गाड़ी को निशाना बनाकर उस पर पथराव कर दिया। गाड़ी पर पथराव के निशान आ गए हैं।
घटना रोरावर थाना क्षेत्र के असदपुर कयामपुर गांव में ओजोन सिटी रोड पर हुई। यहां पर नगर निगम की 1730 वर्गमीटर जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। बुधवार को इस ज़मीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए एसडीएम कोल महिमा राजपूत, सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह और नगर निगम की एक टीम मौके पर पहुंची थी। कड़ी मशक्कत के बाद, टीम ने सफलतापूर्वक जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया और वहां से लौट आई। इस दौरान टीम को कोई खास प्रतिरोध का सामना नहीं करना पड़ा। नगर निगम की यह कार्रवाई कुछ स्थानीय लोगों को रास नहीं आई।
टीम के जाने के बाद कुछ स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। टीम के वापस जाने के कुछ ही देर बाद, जब एसडीएम अतरौली की सरकारी गाड़ी असदपुर कयामपुर से गुजर रही थी, तो लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और उस पर जमकर पथराव कर दिया। एसडीएम अतरौली की गाड़ी के ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी को तेजी से आगे बढ़ाया और किसी तरह उस स्थान से निकलने में सफल रहा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पथराव की घटना के बाद प्रशासन ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का फैसला लिया है।
पुलिस ने इस मामले में पथराव करने वाले स्थानीय लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह ने कहा है कि सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।