अलीगढ़: शराब सेल्समैनों से हथियार के बल पर ढाई लाख की लूट, कलेक्शन कर ठेकेदार के घर देने आ रहे थे रुपये
महुआ खेड़ा थाना क्षेत्र की कुलदीप विहार कालोनी स्थित सहार देहली रेजीडेंसी निवासी सुनील जयसवाल की विजयगढ़, नानऊ, भवनखेड़ा और पनैठी में अंग्रेणी व देशी शराब की पांच दुकानें हैं।
विस्तार
महुआ खेड़ा थाना क्षेत्र की कुलदीप विहार कालोनी स्थित सहार देहली रेजीडेंसी निवासी सुनील जयसवाल की विजयगढ़, नानऊ, भवनखेड़ा और पनैठी में अंग्रेणी व देशी शराब की पांच दुकानें हैं। सभी दुकानों का रुपया अगले दिन पनैठी पर एकत्रित होता है और वहां से सेल्समैन मालिक के घर रुपये देने जाते हैं। रोजाना की तरह गुरुवार दोपहर करीब एक बजे पनैठी की दुकान के सेल्समैन राजेश और रिजवान रुपये जमा करने सहार रेजीडेंसी जा रहे थे।
राकेश बाइक चला रहा था और इमरान पीछे बैग लेकर बैठा था। जैसे ही वह कालोनी में सहार रेजीडेंसी से पहले वाले चौराहे पर पहुंचे, तभी पीछे से दो बाइकों पर पांच बदमाश आ गए और ओवरटेक कर बाइक रुकवा ली। देखते ही बदमाशों ने तमंचे तानते हुए राकेश की बाइक की चाबी निकाल ली और एक ने इमरान की कनपटी पर तमचा रख रुपयों का बैग छीनकर वापस बाईपास की ओर भाग गए।
शोर मचाने पर काफी लोग जमा हो गए। खबर पर एसपी सिटी, सीओ तृतीय, महुआ खेड़ा पुलिस के अलावा क्वार्सी पुलिस भी पहुंच गई। आसपास बदमाशों को तलाशा गया। मगर कोई सुराग नहीं मिला। शराब ठेकेदार सुनील जयसवाल के अनुसार ढाई लाख रुपये की लूट हुई है। मामले में राकेश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एक साल पहले भी हुई थी लूट
इस शराब ठेकेदार के कर्मचारियों से एक साल पहले गांधी पार्क क्षेत्र में भी इसी तरह लूट हुई थी। उस समय भी सेल्समैन इसी तरह रुपये लेकर कुलदीप विहार में जमा कराने जा रहे थे। वह घटना आज तक नहीं खुली।
शुरू में मचा 5 लाख लूट का शोर
जब घटना हुई तो पांच लाख की लूट का शोर मचा था। मगर बाद में जांच पड़ताल में ढाई लाख की लूट होना स्पष्ट हुआ।
लूट की इस घटना में घटनास्थल से लेकर पनैठी तक और इधर बाईपास पर क्वार्सी चौराहे तक के सीसीटीवी दिखवाए जा रहे हैं। मौके पर सीसीटीवी नहीं मिले हैं। इसकी मदद से घटना की सही जानकारी मिल सकेगी। सेल्समैनों से भी पूछताछ चल रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा। -कुलदीप सिंह गुणावत, एसपी सिटी