Aligarh: भाई दूज पर लड़खड़ाई रोडवेज सेवा, बसों के लिए परेशान रहे यात्री
बस स्टैंड पर जो बसें पहुंच रही थीं वह यात्रियों से ठसाठस भरी थीं। गांधीपार्क बस स्टैंड पर कानपुर, एटा, मथुरा, आगरा, हाथरस, कासंगज, मुरादाबाद मार्ग पर जाने वाले यात्रियों की खासी भीड़ थी। यहां पर एक-दो घंटे के बाद बसें पहुंच रही थीं उनमें भी यात्री भरे रहते थे।
विस्तार
दिवाली से छठ पर्व तक अतिरिक्त बसें चलाने के परिवहन निगम दावे यात्रियों की भारी भीड़ के आगे हवा-हवाई हो गए। भाई दूज पर बृहस्पतिवार को एक-दूसरे के घर जाने वाले भाई-बहनों को रोडवेज बसों की कमी के चलते बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। परिवहन निगम के अधिकारियों का दावा था कि जिस रूट पर यात्रियों की अधिक भीड़ होगी वहां बसों की कमी नहीं रहने दी जाएगी, लेकिन यात्रियों की संख्या के हिसाब से बेहद कम बसें चलीं। इससे बस सभी बस स्टैंड पर यात्री घंटों बसों का इंतजार करते रहे।
बस स्टैंड पर जो बसें पहुंच रही थीं वह यात्रियों से ठसाठस भरी थीं। गांधीपार्क बस स्टैंड पर कानपुर, एटा, मथुरा, आगरा, हाथरस, कासंगज, मुरादाबाद मार्ग पर जाने वाले यात्रियों की खासी भीड़ थी। यहां पर एक-दो घंटे के बाद बसें पहुंच रही थीं उनमें भी यात्री भरे रहते थे। छतों व खिड़कियों तक में यात्री लदे हुए थे।
बसों की कमी के चलते गांधीपार्क, मसूदाबाद और सारसौल सेटेलाइट बस स्टैंड पर यात्री घंटों भटकते रहे। वाहनों के न मिलने पर कुछ यात्री आवागमन टालकर अपने घरों के लिए लौट गए। वहीं यात्रियों की मजबूरी का डग्गामार वाहन संचालकों ने खूब फायदा उठाया। यात्रियों से मनमानी किराया वसूला गया। परिवहन निगम के आरएम शारदा सिंह ने बताया कि दिवाली पर पर्याप्त बसें चलवाई गईं।
तीन लाख से अधिक यात्रियों ने रोडवेज की बसों में सफर किया। यात्रियों की संख्या के सापेक्ष बसों का संचालन किया गया। वर्कशाप में खराब खड़ी सभी बसों को भी सही करवाकर विभिन्न मार्गों पर चलवाया गया। इससे रोडवेज को अतिरिक्त राजस्व की प्राप्ति हुई। छह दिनों में रोडवेज का लोड फैक्टर काफी बढ़ा है, जिससे इस बार अधिक लाभ होने की संभावना है।
ट्रेनों में भी रही धक्का-मुक्की की स्थिति
भाई दूज पर ट्रेनों में भी यात्रियों की काफी भीड़ रही। एक्सप्रेस, सुपरफास्ट ट्रेनों में सीटों की जगह नहीं के होने के हालात बने रहे। अलीगढ़-दिल्ली रूट पर चलने वाली ईएमयू पैसेंजर, टीएडी व एचएडी पैसेंजर ट्रेनों में अन्य दिनों की अपेक्षा काफी भीड़ रही। इस बार रेलवे ने दिवाली पर अतिरिक्त लोकल पैसेंजर ट्रेनों का संचालन नहीं कराया, जिससे यात्रियों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ा। बोगी के अंदर पहुंचने और सीटों पर बैठने के लिए यात्रियों में धक्का-मुक्की तक हुई। जीआरपी, आरपीएफ के जवान मुस्तैद रहकर स्थिति को नियंत्रित करते रहे।
शहर भर में जाम, रामभरोसे रही यातायात व्यवस्था
भाई दूज पर शहर की सड़कों पर चारों तरफ बस भीड़ रही। हर कोई कहीं न कहीं जाने की जल्दबाजी में दिखा। इससे पूरे दिन यातायात व्यवस्था धड़ाम रही। कुछ जगह जाम भी लगा जिससे यात्रियों को पैदल यात्रा भी करनी पड़ी।
सारसौल चौराहे से लेकर मसूदाबाद चौराहा, रसलगंज, मालगोदाम, गांधीपार्क बस स्टैंड, दुबे का पड़ाव, एटा चुंगी, धनीपुर मंडी, आगरा रोड, हाथरस अड्डा, सासनीगेट चौराहे, रामघाट रोड, क्वार्सी चौराहे पर दिन भर जाम के हालात बने रहे और वाहन रेंगते हुए निकले। इससे त्योहार पर यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस की व्यवस्थाओं की पोल भी खुली। सेंटर प्वाइंट, मैरिस रोड, रेलवे रोड, महावीरगंज, बड़ा बाजार, ऊपरकोट, बारहद्वारी समेत शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की काफी भीड़ रही।