धनतेरस पर मंगलवार को दिल्ली-पलवल, नोएडा, बल्लभगढ़ से आने वाली बसों में काफी भीड़भाड़ रही। हालात ये थे कि कई बसें बाईपास से ही निकल गईं। जबकि यात्री बस अड्डों पर इंतजार करते रहे। कासगंज-एटा के लिए यात्री इतने अधिक थे कि बसें कम पड़ गईं। कानपुर रूट की बसों के लिए यात्रियों ने घंटों तक इंतजार किया।
धनतेरस के चलते दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र से कानपुर-लखनऊ, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद रूट पर लोग अपने घर की ओर लौटने लगे हैं। बस अड्डों में भीड़भाड़ रही तो कई बसें शहर के अंदर ही नहीं आईं। सीधे बाईपास होकर अपने रूट पर गुजर गईं। ऐसे में शहर के गांधीपार्क बस अड्डे पर लोग बसों का ही इंतजार करते रह गए। कासगंज-एटा की बसें तो दिन में कई घंटे तक नहीं आईं। एक-दो बसें शहर के अंदर आतीं तो उसमें बमुश्किल पांच-सात सवारियां ही चढ़ पातीं। शेष इंतजार करते ही रह गए। जबकि दिल्ली से चल रहीं बसों में कानपुर-लखनऊ रूट की भीड़ अधिक थी।