फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   PM Modi inaugurated Aligarh Airport

मैं हूं Aligarh Airport: पीएम मोदी ने एयरपोर्ट किया जनता को समर्पित, उड़ान 11 मार्च से, ऐसे हुआ उद्घाटन

Sun, 10 Mar 2024 12:31 PM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़ Published by: चमन शर्मा Updated Sun, 10 Mar 2024 12:31 PM IST
सार

जैसे ही पीएम मोदी ने आजमगढ़ के मंदुरी एयरपोर्ट के साथ अलीगढ़ एयरपोर्ट का लोकार्पण किया, धनीपुर हवाई पट्टी पर तालियों की गूंज सुनाई देने लगी। मौका ही ऐसा था, जिसका अलीगढ़वासियों को एक लंबे समय से इंतजार था। अब 11 मार्च से अलीगढ़ से लखनऊ के लिए पहली उड़ान के साथ अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज जिलों तक की जनता हवाई सफर का आनंद ले सकेगी।

विज्ञापन
PM Modi inaugurated Aligarh Airport
अलीगढ़ एयरपोर्ट - फोटो : संवाद

विस्तार

पीएम नरेन्द्र मोदी ने आजमगढ़ से अलीगढ़ समेत यूपी के पांच व अन्य प्रदेशों के एयर पोर्ट, अतिरिक्त टर्मिनल का लोकार्पण व शिलान्यास किया। वहां यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य आदि मौजूद रहे। अलीगढ़ के धनीपुर एयरपोर्ट पर उद्घाटन का सजीव प्रसारण दिखाया गया। अलीगढ़ एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल 69.28 एकड़ है। टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 1250 वर्गमीटर, परियोजना लागत 29.40 करोड़ है। अलीगढ़ से पहली उड़ान 11 मार्च को लखनऊ के लिए होगी।

विज्ञापन

टिकट खिड़की
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आजमगढ़, श्रावस्ती, मुरादाबाद, चित्रकूट, अलीगढ़ के नए एयरपोर्ट के साथ ही जबलपुर, ग्वालियर, लखनऊ, पुणे, कोल्हापुर, दिल्ली और आदमपुर एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन हुआ है। यह विकास की मेरी अनंत यात्रा का अभियान है और 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के लिए तेज गति से दौड़ रहा हूं और तेज गति से देश को दौड़ा रहा हूं। यूपी में अलीगढ़, मुरादाबाद, चित्रकूट और श्रावस्ती जैसे जिन शहरों को नए एयरपोर्ट टर्मिनल्स मिले हैं उन्हें कभी छोटा और पिछड़ा शहर कहा जाता था अब यहां भी हवाई सेवाएं शुरू हो रही है क्योंकि इन शहरों में तेजी से विकास हो रहा है यहां औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 9 एयरपोर्ट पूरी तरह क्रियाशील है और 5 नए एयरपोर्ट का प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन किया गया है। आज प्रधानमंत्री का सपना कि हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई जहाज से यात्रा करे, पूरा हो गया है।
विज्ञापन

अलीगढ़ एयरपोर्ट
गन्ना विकास एवं चीनी मिलें और जनपद प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि कभी-कभी कोई ऐसा क्षण या समय होता है जब उसमें कोई कार्य होता है तो वह सदियों तक याद किया जाता है, कभी कुछ कार्य ऐसे होते हैं जो युगों में याद किए जाते हैं। जिस प्रकार एएमयू की स्थापना के 200 वर्ष बाद भी हमें उसके संस्थापक की याद दिलाती है। राजा महेंद्र प्रताप यूनिवर्सिटी आने वाली सदियों तक आपको याद रहेगी। ऐसे ही अलीगढ़ हवाई अड्डे का लोकार्पण एक ऐसा ऐतिहासिक दिन है जो अलीगढ़ के स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उद्यमियों के लिए अलीगढ़ से अच्छी जगह उत्तर प्रदेश तो क्या पूरे हिंदुस्तान में कहीं नहीं है। दिल्ली-एनसीआर, एयरपोर्ट बेहतर कनेक्टिविटी के साथ यहां बेहतर सुरक्षा मिलती है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

अलीगढ़ एयरर्पोर्ट
बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश ने और खास तौर पर उत्तर प्रदेश ने नई उड़ान भरी है। भारत आज दुनिया में सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली इकोनामी है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आज डबल इंजन की सरकार के द्वारा यह संभव हुआ कि आज उत्तर प्रदेश को भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में देखा जाता है। राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान ने कहा कि पहले अगर कोई हवाई जहाज से लखनऊ जाना चाहता था तो उसे दिल्ली जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसा दोनों ही खर्च होता था। अब अलीगढ़ एयर कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है आपको लखनऊ की फ्लाइट यहीं से मिल सकेगी। 

एयरपोर्ट
19 सीटर विमान में नहीं है शौचालय की सुविधा   
यदि आप 19 सीटर विमान में यात्रा कर रहे हैं तो जान लें  कि इसमें शौचालय की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में उड़ान का संचालन करने वाली फ्लाईबिग की ओर से सफर करने वाले सभी यात्रियों से शौचालय उपयोग के उपरांत ही फ्लाइट में बैठने की अपील की गई है। फ्लाईबिग का चेक इन काउंटर प्रस्थान समय से करीब दो घंटे पूर्व ही खुल जाएगा और 45 मिनट पूर्व बंद हो जाएगा। 
अलीगढ़ एयरपोर्ट
ये रहे मौजूद
लोकार्पण समारोह में सांसद सतीश कुमार गौतम, विधायक छर्रा ठा रवेन्द्र पाल सिंह,  विधायक कोल अनिल पाराशर, विधायक इगलास राजकुमार सहयोगी,  एमएलसी डॉ मानवेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन दुर्गा शंकर मिश्रा, विधायक बरौली ठा जयवीर सिंह, एमएलसी चौ ऋषिपाल सिंह, डॉ तारिक मंसूर, अध्यक्ष जिला पंचायत विजय सिंह, महापौर प्रशांत सिंघल, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला, महानगर अध्यक्ष इंजी राजीव शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष ठा गोपाल सिंह, चौ देवराज सिंह, ठा श्यौराज सिंह, जिला महामंत्री पं शिवनारायण शर्मा, मण्डलायुक्त चैत्रा वी, आईजी शलभ माथुर, डीएम विशाख जी, वीसी एडीए अतुल वत्स, नगर आयुक्त अमित आसेरी, एसएसपी संजीव सुमन, सीडीओ आकांक्षा राना, एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट आदि मौजूद रहे। डायरेक्टर एयरपोर्ट एसएस अग्रवाल ने आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन मनोज राजपूत ने किया।

पीएम मोदी ने दो बार पुकारा अलीगढ़ का नाम 

आजमगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो बार अलीगढ़ का नाम लिया। पहली बार उन्होंने एयरपोर्ट के उद्घाटन के दौरान तो दूसरी बार उन्होंने कहा कि पहले जिन शहरों में उड़ान सेवाएं नहीं होती थी, उन्हें पिछड़े इलाके में गिना जाता था। अब अलीगढ़ समेत अन्य जनपदों के नागरिक हवाई सेवा से लाभान्वित हो सकेंगे।  

ग्रामीणों में दिखा उत्साह 
एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में करीब 500 मेहमानों को आमंत्रित किया गया था। इसके अलावा आसॉपास के गांवों के ग्रामीणों के उत्साह को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने सभी को कार्यक्रम में आने की अनुमति दे दी। इसको लेकर ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिले नजर आए। 

जय श्री राम के नारे की गूंज 
समारोह स्थल पर भारत माता एवं जय श्री राम के नारे के साथ अबकी बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 के पार के भी खूब नारे गूंजे। 

मोदी ने की अपील, मोबाइल की फ्लैश जलाई 
आजमगढ़ में जनसभा के दौरान उन्होंने सभी से अपने मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट जलाकर हिलाने की अपील की तो सभा के साथ अलीगढ़ एयरपोर्ट पर बने पांडाल में मौजूद सांसद, विधायक समेत अन्य लोग फ्लैश लाइट जलाकर मोबाइल फोन को हिलाते नजर आए।

बोले कारोबारी

एयरपोर्ट चालू होने से शहर के हार्डवेयर समेत अन्य कारोबार में नया मोड़ आएगा। दूसरे शहरों के साथ ही विदेशी मेहमानों को यहां आने व जाने में सुविधा होगी, उनका समय भी बचेगा।- हाजी जहीर, कारोबारी 
हवाई यात्रा शुरू होने से लोगों को काफी फायदा होगा। चंद मिनटों में एयरपोर्ट पहुंचकर वहां से सैकड़ों किलोमीटर की दूरी कुछ देर में तय कर सकेंगे। अभी हवाई यात्रा के लिए दिल्ली, आगरा आदि शहरों में जाना पड़ता था। - आरिफ अली, कारोबारी  
अलीगढ़ में एयरपोर्ट चालू होने से कारोबार चमकेगा। किसी दूसरे शहर या राज्य में जाना होता है तो अभी तक दिल्ली, आगरा तक की दौड़ लगानी पड़ती थी। अब बड़ी राहत मिलेगी।- प्रवीण अग्रवाल, प्रबंध निदेशक कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल 
 हवाई यात्रा की सुविधा मिलने से अलीगढ़ के कारोबारियों को काफी सुविधा होगी। उन्हें कारोबार के सिलसिले में दूसरे शहरों में आना-जाना पड़ता है। अब उनका कीमती समय बच सकेगा। - प्रेम प्रताप, कारोबारी 
एयरपोर्ट शुरू होने से कारोबार को नई उड़ान मिलेगी। इससे अब दूसरे शहरों में जाने में काफी आसानी होगी। समय की भी बचत होगी।- गौरव गौदानी, कारोबारी 
अभी तक हवाई यात्रा के लिए दिल्ली, आगरा, लखनऊ तक की दौड़ लगानी पड़ती थी, अब अलीगढ़ से यह सुविधा मिलेगी, काफी खुशी महसूस हो रही है।-शैलेंद्र सिंह टिल्लू, दवा कारोबारी 


बोले ग्रामीण

अलीगढ़ एयरपोर्ट से उड़ान शुरू हो जाने से अलीगढ़ के अलावा आसपास के दूसरे शहरों के लोगों को भी काफी लाभ मिलेगा और उनका सफर आसान बनेगा। -विनेश कुमार सिंह, पैराई 
अभी तक आसमान में जहाज उड़ते देखे थे, अब घर के पड़ोस से उड़ान शुरू हो रही है। काफी खुशी महसूस हो रही है। अब लग रहा है कि वाकई में अलीगढ़ महानगर में रह रहे हैं। - विजय कुमार सिंह, पनैठी 
अलीगढ़ से उड़ान शुरू होना काफी खुशी की बात है। अब गांव से चंद किलोमीटर की दूरी पर इतनी बड़ी सुविधा मिली कि चंद मिनटों में ही घंटों का सफर तय हो सकेगा। - मानवेंद्र,  अलहदादपुर 
अलीगढ़ से एयरपोर्ट शुरू होना काफी गर्व की बात है। इससे अलीगढ़ के कारोबार को पंख लगेंगे और आसपास के इलाके में तरक्की के नए आयाम स्थापित होंगे। - रोहिताश गुप्ता, धनीपुर 
आज हमारा वर्षों पुराना सपना साकार हो रहा है। इससे बेहद खुशी महसूस हो रही है। अब लखनऊ के बाद सभी शहरों को उड़ान शुरू होगी।  - राकेश, कयामपुर

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed