Aligarh News: विधायक ने दिया पुल का प्रस्ताव, सांसद विरोध कर रहे दुकानदारों के साथ
दुकानदारों का कहना है कि पुल बनाने के बजाय चौराहा चौड़ीकरण उचित रहेगा है। दूसरी मांग है कि पुल बाईपास पर बनना चाहिए, न कि जीटी रोड पर। इसे लेकर पिछले दिनों कमिशभनर को भी ज्ञापन दिया गया था।
विस्तार
जीटी रोड के एटा चुंगी चौराहा पर धनीपुर मंडी से नौरंगाबाद की ओर प्रस्तावित पुल का दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को दुकानदार सांसद के पास ज्ञापन देने पहुंचे। जहां सांसद ने दुकानदारों को पूरी मदद का भरोसा दिलाया और कहा कि वे दुकानदारों के साथ हैं, अन्याय नहीं होने देंगे।
इधर, यहां बता दें कि यह पुल भाजपा के ही क्षेत्रीय विधायक अनिल पाराशर के प्रस्ताव पर शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों में शामिल किया गया है। इस तरह सांसद द्वारा दुकानदारों को मदद का भरोसा देकर एक नई चर्चा को जन्म दे दिया है।
इस पुल का लेआउट अंतिम चरण में है। यह प्रस्ताव कोल विधायक अनिल पाराशर ने दिया था। जिसे शासन की प्राथमिकता वाले निर्माण और विकास कार्यों में शामिल कर लिया गया है । इस वर्ष इसके लिए बजट मंजूरी की उम्मीद है। इसी क्रम में यहां के दुकानदार इस पुल को तर्क हीन बताते हुए विरोध पर उतर आए हैं।
दुकानदारों का कहना है कि पुल बनाने के बजाय चौराहा चौड़ीकरण उचित रहेगा है। दूसरी मांग है कि पुल बाईपास पर बनना चाहिए, न कि जीटी रोड पर। इसे लेकर पिछले दिनों कमिशभनर को भी ज्ञापन दिया गया था। इसी क्रम में इलाके के दुकानदार शनिवार को सांसद सतीश गौमत के विद्या नगर स्थित कार्यालय पहुंचे।
उन्होेंने इस पुल के विरोध में ज्ञापन दिया। इस पर सांसद ने उनकी बात सुनते हुए कहा कि वह आपके साथ हैं। अन्याय नहीं होने देंगे। इधर, जब सांसद सतीश गौतम से इस विषय में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे इलाके की जनता के साथ हैं, इसके अलावा उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
भाजपा हमेशा जनता के हित में विकास कराती आई है। मोदी - योगी भी विकास की गाथा गढ़ रहे हैं। उसी दिशा में यह काम करने का प्रयास किया जा रहा है। जहां जरूरत है, उसी जरूरत के अनुसार प्रयास किया जा रहा है। जनहित में ही हर प्रयास किया जा रहा है और आगे भी किया जाता रहेगा। -अनिल पाराशर, विधायक कोल क्षेत्र
मडराक में भी हुआ था विधायक के प्रस्ताव का विरोध
यह पहला मौका नहीं, जब विधायक के प्रस्ताव का विरोध हो रहा है। पिछले दिनों विधायक ने मडराक की नवसृजित नगर पंचायत को श्रीराम नगर मडराक नगर पंचायत नाम देने का प्रस्ताव दिया। इस पर भी विरोध हुआ था। बाद में वहां अधिकारियों ने विरोध कर रहे लोगों को समझाकर शांत किया था। इस तरह के विरोध को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं हैं।
ये हैं पुल के लिए जरूरी तथ्य
- कानपुर के अंत से शहर में प्रवेश का मुख्य द्वार माना जाता यह चौराहा
- इसी रोड पर विकसित हो रहा अंतरराष्ट्रीय मानक पर धनीपुर एयरपोर्ट
- जिले की प्रमुख धनीपुर मंडी इसी मार्ग पर कई दशक से संचालित
- शहर के कई प्रमुख अस्पताल, इंटर एवं डिग्री कॉलेज इसी रोड पर हैं
- दिन में शहर के अंदर प्रवेश करने वाले वाहनों के कारण हर रहता है जाम
- वीवीआईपी एवं इमरजेंसी मूवमेंट के समय बन जाती है बड़ी समस्या
- आगरा रोड से क्वार्सी की ओर बाईपास मार्ग पुल बनाने योग्य नहीं चौड़ा
- भविष्य में आगरा-मथुरा की ओर वाहन इसी रोड से निकालने की है तैयारी
दुकानदारों के ये तर्क
- नवविकसित इस बाजार के दुकानदारों की दुकानें ढक जाएंगी पुल से
- पुल को जीटी रोड के बजाय बाईपास रोड पर बनाकर निकालें हल
- चौराहे का चौड़ीकरण कर समस्या का निकाला जा सकता हल